1100 साल पुरानी सूर्य प्रतिमा खुले आसमान के नीचे, संरक्षण का इंतजार

WhatsApp Channel Join Now
1100 साल पुरानी सूर्य प्रतिमा खुले आसमान के नीचे, संरक्षण का इंतजार


किशनगंज, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पर जहां श्रद्धालु नदियों, तालाबों और पोखरों के किनारे अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे हैं, वहीं किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड स्थित बड़ीजान हाट में सूर्यदेव की करीब 1100 वर्ष पुरानी प्रतिमा संरक्षण की बाट जोह रही है।

पालवंश कालीन बताई जाने वाली यह ऐतिहासिक प्रतिमा आज भी खुले आसमान के नीचे पीपल के पेड़ के नीचे बने छोटे से चबूतरे पर रखी है। धूप और बारिश के बीच इस प्राचीन धरोहर का अस्तित्व खतरे में है।

बेसाल्ट पत्थर से निर्मित करीब पांच फीट छह इंच ऊंची और दो फीट 11 इंच चौड़ी इस प्रतिमा में सूर्यदेव सात घोड़ों के रथ पर सवार हैं। उनके दोनों ओर ऊषा और प्रत्युषा तथा अनुचर के रूप में दंड और पिंगल को दर्शाया गया है। प्रतिमा पर आभूषणों और बारीक नक्काशी की उत्कृष्ट कलाकारी देखने को मिलती है।

इतिहासकारों और पुरातात्विक जानकारों के अनुसार, यह प्रतिमा नौवीं शताब्दी के पालवंश काल की मानी जाती है। करीब पांच दशक पहले पुरातत्व विभाग की टीम ने यहां खुदाई की थी। इस दौरान सूर्य प्रतिमा के साथ मंदिर के मुख्य द्वार के शिलाखंड और कई अन्य पुरातात्विक अवशेष मिले थे। इससे इस स्थल के प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व का पता चलता है। वर्ष 2003 में तत्कालीन जिलाधिकारी के. सेंथिल कुमार ने पुरातत्व विभाग की टीम के साथ स्थल का निरीक्षण कर इसे सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया था। उस समय इसके संरक्षण और विकास की उम्मीद जगी थी, लेकिन वर्षों बाद भी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर का खुले में रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतिमा के संरक्षण के लिए सुरक्षित परिसर, चारदीवारी, मंदिरनुमा संरचना, प्रकाश व्यवस्था और सूचना पट्ट लगाने की जरूरत है। मंदिर के बिखरे अवशेषों को भी व्यवस्थित किया जाना चाहिए।

छठ के अवसर पर सूर्यदेव की आराधना के बीच बड़ीजान की यह प्राचीन प्रतिमा जिले की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत की याद दिला रही है। लोगों की मांग है कि प्रशासन और पुरातत्व विभाग तत्काल पहल कर इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली धरोहर को देख और समझ सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776257 Articles

Share this story