11 सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
11 सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन


बेतिया, 25 मई (हि.स.)। नगर पंचायत लौरिया के सफाई कर्मियों ने सोमवार को 11 सूत्री मांगों को लेकर नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित आंदोलन की अध्यक्षता पिंकी देवी ने की।

धरना को संबोधित करते हुए अध्यक्ष पिंकी देवी ने कहा कि सफाई कर्मियों को समय पर चार जोड़ी वर्दी, हैंड ग्लव्स, मास्क और जूते उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही सरकारी छुट्टियों एवं त्योहारों में वेतन कटौती बंद की जाए तथा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर कर्मियों को मुआवजा राशि देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा सफाई कर्मियों को मूलभूत सुरक्षा संसाधनों से भी वंचित रखा जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति, वेतनमान वृद्धि, ईपीएफ में पारदर्शिता तथा सभी कर्मियों को सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। धरना को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सह ट्रेड यूनियन सेंटर ऑफ इंडिया (टीयूसीआई) के केंद्रीय कमेटी सदस्य रवीन्द्र कुमार ‘रवि’ ने कहा कि वर्षों से नगर निकायों में स्थायी बहाली नहीं होने से सफाई कर्मियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।

उन्होंने केंद्र सरकार के चारों लेबर कोड को श्रमिक विरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि आउटसोर्सिंग प्रथा समाप्त कर नियमित बहाली शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा।

टीयूसीआई के जिला प्रभारी हरिशंकर प्रसाद ने सफाई कर्मियों का मासिक वेतन 21 हजार रुपये करने की मांग उठाई। वहीं अध्यक्ष पिंकी देवी ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में वर्षों से वार्षिक वेतन वृद्धि नहीं की गई है और कई कर्मियों के ईपीएफ खाते का स्पष्ट हिसाब भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

सफाई कर्मी मिठाई राम ने बताया कि नगर पंचायत में कार्यरत केवल 15 कर्मियों का ही पीएफ काटा जाता है और जमा राशि भी अनियमित है। धरना के बाद सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों का ज्ञापन नगर पंचायत कार्यालय में सौंपा। पिंकी देवी ने स्पष्ट कहा कि यदि 12 जून तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 13 जून से सभी सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

धरना-प्रदर्शन में नाथू राउत, रीना देवी, चंदन रावत, मिठाई रावत, सप्पू देवी, राजेश राउत, राजन कुमार, उर्मिला देवी, संगीता देवी, शोभा देवी, शिवानी देवी, रूमाली देवी, रेखा देवी, रानी देवी, छठु राम और परमा राउत समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story