बिहार एसटीएफ ने एक लाख के इनामी मोतिहारी के मेयर पति देवा गुप्ता को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बिहार एसटीएफ ने एक लाख के इनामी मोतिहारी के मेयर पति देवा गुप्ता को किया गिरफ्तार


पूर्वी चंपारण,27 फ़रवरी (हि.स.)।बिहार एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कारवाई करते हुए पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट से मोतिहारी जिला के एक लाख इनामी देवा गुप्ता को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली कि राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 303 में देवा गुप्ता छुपे है,जिसके बाद टीम ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। देवा गुप्ता मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी के पति हैं और मोतिहारी विधानसभा से राजद के प्रत्याशी भी रह चुके है।

उल्लेखनीय है,कि मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने देवा गुप्ता को कुख्यात अपराधी के रूप में चिह्नित करते हुए उन पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा किया था। उन पर 28 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जा करने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। वे लंबे समय से दो मामलों में फरार चल रहे थे।हाल में ही पुलिस अधीक्षक ने पूर्वी चंपारण जिले में अपराध नियंत्रण के लिए 100 अपराधियों की एक 'हिट लिस्ट' तैयार की थी, जिसे अनुमोदन के लिए डीआईजी के पास भेजा गया था।इस सूची में शराब माफिया, भू-माफिया, हत्या और लूट जैसे अपराधों में शामिल अपराधियों के नाम थे, जिसमें देवा गुप्ता का नाम सबसे ऊपर रखा गया था।

पुलिस देवा गुप्ता की गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता मान रही है।फिलहाल एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अब उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story