खेत में मोटर का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
खेत में मोटर का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से किसान की मौत


सुपौल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लतौना वार्ड संख्या-12 निवासी महेंद्र यादव के 36 वर्षीय पुत्र हरि नंदन यादव की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने खेत में सिंचाई के लिए मोटर का बिजली तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजन ने उन्हें गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हरि नंदन यादव खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, 12 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार और 6 वर्षीय पुत्र विकास कुमार हैं। परिजन ने बताया कि यह परिवार पहले भी कई दुखद घटनाओं का सामना कर चुका है। करीब एक वर्ष पूर्व हरि नंदन यादव के पिता और बहन की भी करंट लगने से मौत हो गई थी, जबकि उनकी मां की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हुई थी।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग अस्पताल और मृतक के घर पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story