तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किशोरी की मौत
सुपौल, 14 मई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर उत्तर पंचायत स्थित भेड़वा टोला में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातमी माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
मृत किशोरी की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी रामप्रकाश यादव की पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मधु अपनी दादी के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। देर शाम समारोह खत्म होने के बाद वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान नहरी सड़क पर तेज गति से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोरी कई फीट दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे। दुर्घटना होते ही दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर फटकार लगाई और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल अवस्था में किशोरी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है।
प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार अन्य युवकों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

