बिहार के भोजपुर में दो बाइक की टक्कर में तीन युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

भोजपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। बिहार में भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अन्तर्गत धोबी घटवा के पास रविवार दो बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तिंदुनी गांव निवासी ललन सिंह के पुत्र प्रदीप कुमार, बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी बादल मुसहर के बेटे गोलू कुमार और धरहरा गांव के ही एक अन्य युवक शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक गोलू कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक से रोहतास जिले के काराकाट से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार प्रदीप कुमार अपने गांव से पीरो स्थित एक रिश्तेदार के घर खिड़की-दरवाजे की मापी के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान धोबी घटवा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

ये हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा भेज दिया है और जांच में जुट गई है।

दीपक कुमार शाह थानाध्यक्ष पीरो थाना ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बाइक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा भेजा गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story