सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, मचा कोहराम


नवादा,30 सितंबर (हि.स.)। बिहार के नवादा जिले में बुधवार का दिन तीन परिवारों के लिए बेहद दुखद रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटना जा रही कार डिवाइडर से टकराई

पहली घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव के समीप हुई।

बताया जाता है कि बोकारो से कुछ लोग कार से श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए पटना जा रहे थे। इसी दौरान केंदुआ गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गयी और सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गयी।

हादसे में कार सवार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी की स्थिति बन गयी।

स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.दूसरी दुर्घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के माया बिगहा के समीप हुई। यहां बाइक और रोड रोलर के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। बाइक पर सास और दामाद सवार थे।

हादसे में सास की मौत हो गयी, जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी। घायल दामाद को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद कादिरगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story