ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now


सोन, 12 अप्रैल (हि.स.) ।

जिले में सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बढ़ैयाबाग में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बच्ची समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मृतक सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति के रहने वाले हैं, जिनमें परमानंद कुमार (25), खुशबू देवी (30) एवं लगभग काव्या कुमारी (02) शामिल है।ट्रैक्टर और बाइक में जोरदार भिड़ंत में यह घटना घटी l

पुलिस के अनुसार बाइक सवार तीनों लोग सासाराम से कोचस की तरफ जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर हीं तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सासाराम नगर थाने की पुलिस ने तीनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से भाग रहे ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त कर लिया गया है । आगे की कार्रवाई चल रही है।

बताया जाता है कि तीनों लोग दादी के श्राद्धकर्म में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक मृतक परमानंद कुमार के दादी की हाल हीं में मौत हो गई थी, जिसको लेकर गांव में श्राद्धकर्म की तैयारी चल रही थी। इसी कर्म में शामिल होने के लिए तीनों एक बाइक पर सवार होकर कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Share this story