मांझी में ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की मौत
सारण, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले में मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पंचायत अंतर्गत श्रीरामपुर जाने वाली सड़क पर दोपहर में एक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के गड्ढे में पलटने से दो युवकों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान मटियार पंचायत के भट्ठा गांव निवासी अली हुसैन और श्याम सुंदर बीन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली पर गेहूं लादकर खेत से ग्रामीण सड़क की ओर आ रहा था। रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक को बाहर निकाला जबकि दूसरे को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
हादसे में श्याम सुंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अली हुसैन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा ले जाया गया। हालांकि वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

