जहरीले सांप के काटने से एक की मौत,परिवार में मचा कोहराम
पूर्वी चंपारण, 24 अप्रैल (हि.स.)।
जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के उत्तरी छपरा बहास पंचायत अंतर्गत कैथवलिया बलुआ टोला वार्ड संख्या 6 में जहरीले सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ टोला भवानीपुर निवासी स्वर्गीय रामेश्वर सहनी के पुत्र बलिस्टर सहनी रात में खाना खाने के बाद अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया,जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि कुछ समय बाद उसकी पत्नी कमरे में पहुंची तो बिस्तर पर सांप को देखकर शोर मचाने लगी।शोर सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ कर एक डिब्बे में बंद कर दिया।परिजनों ने जब बलिस्टर सहनी को उठाया तो वे अचेत अवस्था में मिले। तत्काल उन्हें दिखाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य रोने-बिलखने लगे।घटना की सूचना समाजसेवी बिनोद ठाकुर ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
एसआई जयप्रकाश सिंह ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।घटना पर पूर्व मंत्री रामचन्द्र सहनी,पूर्व मुखिया ललित सहनी,पैक्स अध्यक्ष अभय कुमार,बिनोद ठाकुर,पवन चौरसिया,सरपंच महेंद्र सहनी समेत कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

