“शुद्धिकरण” के नाम पर छुआछूत किसी भी रूप में स्वीकार नहीं : अनुपम

WhatsApp Channel Join Now
“शुद्धिकरण” के नाम पर छुआछूत किसी भी रूप में स्वीकार नहीं : अनुपम


सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई कथित अपमानजनक घटना के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में “शुद्धिकरण—छुआछूत का दूसरा नाम” के संदेश के साथ सामाजिक भेदभाव और जातिवादी मानसिकता के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।

अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सुरेश चौपाल के संयोजन में आयोजित बैठक में विभाग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम ने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव करना और उसके बाद “शुद्धिकरण” जैसी सोच को बढ़ावा देना संविधान की मूल भावना का अपमान है। महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित स्वतंत्रता आंदोलन के महान नेताओं ने समानता और सामाजिक समरसता वाले भारत का सपना देखा था। ऐसे भारत में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को छोटा-बड़ा मानने की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और दलित-वंचित समाज के सम्मान की लड़ाई लगातार लड़ती रही है। ऐसी घटनाओं के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सुरेश चौपाल ने कहा कि किसी व्यक्ति के किसी स्थान पर जाने के बाद कथित रूप से “शुद्धिकरण” किया जाना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा और संविधान की मूल भावना पर प्रहार है।

उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली आयोजित हुई थी। उनके अनुसार, इसके दो दिन बाद भाजपा समर्थित तत्वों द्वारा स्थल पर गंगाजल का छिड़काव कर “शुद्धिकरण” कराया गया। चौपाल ने कहा कि खरगे ने 13 अगस्त को इस मुद्दे को संसद में उठाया, जिसके बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध दर्ज कराया। सुरेश चौपाल ने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित “शुद्धिकरण” का बचाव किए जाने के बाद कांग्रेस का विरोध और तेज हुआ है। बैठक में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि छुआछूत केवल सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि संविधान द्वारा स्थापित समानता और मानवीय गरिमा की भावना के भी खिलाफ है। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने और संविधान के मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अनुपम, अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सुरेश चौपाल, संतोष कुमार, तनवीर आलम, शाहनवाज, महादेव शर्मा, नीतू देवी, अर्जुन शर्मा चौपाल, विनोद राम, मनोज शर्मा, राजीव, चंदन पासवान, सुनील कुमार राम, जयानंद सरदार, संत कुमार ठाकुर, सुनीता देवी, अमित कुमार सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story