हथियार के साथ रंगदारी करना पड़ा महंगा, दो युवक गिरफ्तार
बक्सर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–नुआँव मुख्य पथ पर हथियार के बल पर रंगदारी करने की योजना बना रहे बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बीते 4 फरवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक एक बाइक से रोइनी भान डेरा गांव की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया और मुख्य पथ पर सघन वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान पीले रंग की रीडर मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी निवासी सत्यम राय और राजा बाबू शर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने हथियार से लोगों को डराने की बात स्वीकार की। मामले में कांड संख्या 34/26 दर्ज कर दोनों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने बाइक भी जब्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

