स्वास्थ्य मंत्री के एक्शन के बाद बदल रही मधेपुरा मॉडल अस्पताल की तस्वीर, मरीजों को मिलने लगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य मंत्री के एक्शन के बाद बदल रही मधेपुरा मॉडल अस्पताल की तस्वीर, मरीजों को मिलने लगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं


मधेपुरा , 01 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के एक्शन के बाद मधेपुरा के मॉडल अस्पताल यानी सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार होने के साथ अब मरीजों को कई ऐसी स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होने लगी हैं, जिसके लिए पहले उन्हें बाहर का रुख करना पड़ता था। लगातार हो रहे सुधार से मधेपुरा मॉडल अस्पताल अब जिले का प्रमुख और बेहतर स्वास्थ्य केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

मधेपुरा का मॉडल अस्पताल (सदर अस्पताल) में महिलाओं की सर्जरी, डेंटल सर्जरी, सामान्य चिकित्सा समेत कई प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा हड्डी से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा भी यहां उपलब्ध कराई जा रही है। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाने की परेशानी कम हुई है।

अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि मधेपुरा सदर अस्पताल मॉडल अस्पताल है, जहां मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है। अस्पताल में इमरजेंसी के दौरान भी सर्जरी की व्यवस्था है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक मरीजों का इलाज यहीं किया जा सके और उन्हें अनावश्यक रूप से रेफर न करना पड़े।

वहीं, डीपीएम प्रिंस कुमार ने बताया कि अस्पताल में अब रेफरल मामलों को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा रहा है। पहले की तुलना में मरीजों को बाहर रेफर करने की दर में धीरे-धीरे कमी आ रही है। उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर इस्तेमाल कर मरीजों को मॉडल अस्पताल में ही इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में अस्पताल की सुविधाओं में और विस्तार किया जाएगा। आंख और कान की सर्जरी की सुविधा भी जल्द शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने के बाद जिले के मरीजों को इन दोनों क्षेत्रों में भी बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।

स्वास्थ्य मंत्री के स्तर से स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर लगातार किए जा रहे प्रयास और अस्पताल प्रबंधन की सक्रियता का असर अब मॉडल अस्पताल में दिखाई देने लगा है। रेफरल में कमी, सर्जरी की सुविधा और नई स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मधेपुरा मॉडल अस्पताल धीरे-धीरे जिले के एक बेहतर सरकारी अस्पताल के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story