स्वच्छ शहर के लिए जनप्रतिनिधियों को मिला ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ शहर के लिए जनप्रतिनिधियों को मिला ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 का प्रशिक्षण


किशनगंज, 01 अगस्त (हि.स.)। नगर परिषद किशनगंज के तत्वावधान में शनिवार को अशोक सम्राट भवन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली (एसडब्ल्यूएम)-2026 विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किशनगंज जिले के चारों नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों को स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरी विकास के उद्देश्य से नियमावली की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद किशनगंज के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान तथा उप मुख्य पार्षद निखत प्रवीण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान डॉ. पी.के. झा ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के विभिन्न प्रावधानों, उसके महत्व तथा प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। वहीं भारत सरकार के प्रतिनिधि ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रावधानों एवं इसके व्यवहारिक अनुपालन के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के तहत जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छता अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story