सीमावर्ती 29 गांवों का होगा समग्र विकास, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सीमावर्ती 29 गांवों का होगा समग्र विकास, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण


किशनगंज, 23 नवंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों के समग्र विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II के तहत चयनित सीमावर्ती गांवों में विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्थानीय युवाओं का कौशल विकास और सीमा सुरक्षा में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम के तहत जिले के तीन प्रखंडों के कुल 29 गांवों का चयन किया गया है। इनमें टेढ़ागाछ के 9, दिघलबैंक के 12 और ठाकुरगंज के 8 गांव शामिल हैं। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी के लिए सभी चयनित गांवों में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना कार्यक्रम की प्रमुख प्राथमिकता है। इसके लिए आरसेटी (RSETI) और जीविका के माध्यम से युवाओं को ऑटोमोबाइल, ड्राइविंग, एसी एवं फ्रिज रिपेयरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, सिलाई मशीन संचालन और अगरबत्ती निर्माण सहित विभिन्न रोजगारपरक गतिविधियों का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों को इसकी कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में प्रशिक्षण शुरू कराने को कहा गया।डीएम ने चयनित गांवों में सड़क एवं संपर्क पथों का निर्माण, नल-जल योजना से शुद्ध पेयजल, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही पात्र परिवारों का आयुष्मान भारत कार्ड एवं राशन कार्ड बनाने तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया। मत्स्य पालन, सुअर पालन और सोलर पैनल जैसी योजनाओं का लाभ भी स्थानीय परिवारों तक पहुंचाने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय एवं विश्वास का वातावरण बनाने तथा सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सीमा प्रबंधन में आम नागरिकों की सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781755 Articles

Share this story