सारण में आगामी धरना-प्रदर्शनों को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
सारण में आगामी धरना-प्रदर्शनों को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी


सारण में आगामी धरना-प्रदर्शनों को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी


सारण, 24 जुलाई (हि.स.)। वर्तमान परिदृश्य में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सारण विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर तथा सभी पुलिस उपाधीक्षकों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को कई कड़े दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों की पल-पल की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर के साथ-साथ दो ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, विधि-व्यवस्था में तैनात सभी पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं उनके अंगरक्षकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्रियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले के सभी सरकारी कार्यालयों तथा सरकारी आवासों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जिले और छपरा शहर में प्रवेश करने वाले सभी चेकपोस्टों पर आज संध्या से ही अगले आदेश तक सघन चेकिंग अभियान शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और सभी प्रकार के वाहनों की पूर्ण जाँच की जाएगी तथा नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा।

छात्रों को असामाजिक तत्वों के प्रभाव से बचाने के लिए सभी हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों का भ्रमण कर उनके संचालकों तथा वर्तमान में रह रहे छात्रों की सूची तैयार की जाएगी। कोचिंग संचालकों को प्रेरित किया जाएगा कि वे छात्रों को किसी भी अनधिकृत जुलूस या प्रदर्शन में शामिल न होने दें।

इस संबंध में आज ही सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय कोचिंग संचालकों के साथ बैठक करने को कहा गया है। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सभी संसाधनों से लैस कर पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story