रोमांचक मुकाबले में मुंगेर ने लखीसराय को एक विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
रोमांचक मुकाबले में मुंगेर ने लखीसराय को एक विकेट से हराया


भागलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में भागलपुर जिला क्रिकेट संघ द्वारा सैंडिस कंपाउंड भागलपुर में आयोजित बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी 2025–26 के अंतर्गत रविवार को खेले गए लीग मुकाबले में मुंगेर मेंस सीनियर ने लखीसराय मेंस सीनियर को बेहद रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर मुंगेर मेंस सीनियर ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखीसराय मेंस सीनियर की टीम ने 46.3 ओवर में 244 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लखीसराय की ओर से रवि बिनोद सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 109 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल थे। इसके अलावा शुशांत सिंह ने 31 रन तथा गोपाल अनिल कुमार ने 29 रनों का योगदान दिया। मुंगेर की ओर से गेंदबाजी में प्रशांत कमल कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट झटके। गुलशन सरवजीत यादव ने 7.3 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं गोविंद देव चौधरी, विशाल सत्येंद्र सिंह और आनंद प्रदीप कुमार को 1-1 विकेट प्राप्त हुआ। 245 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर मेंस सीनियर की शुरुआत संतुलित रही। टीम ने 49.3 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मुंगेर की ओर से सौरव गुरु कुमार ने 75 गेंदों में 62 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंतिम क्षणों में प्रशांत कमल कुमार ने 36 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। विशाल सत्येंद्र सिंह ने भी नाबाद 42 रन बनाए। लखीसराय की ओर से गेंदबाजी में गुलशन सरवजीत यादव ने 3 विकेट, प्रशांत कमल कुमार ने 4 विकेट लिए जबकि अन्य गेंदबाजों को सीमित सफलता मिली। हरफनमौला प्रदर्शन (29 रन एवं 4 विकेट) के लिए प्रशांत कमल कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के अंपायर के रूप में वेद प्रकाश एवं अमरेंद्र पांडेय तथा स्कोरर के रूप में अंकित अमृत राज और शिवम कुमार ने अपनी भूमिका निभाई। ऑब्जर्वर के रूप में एनसीए लेवल - 2 कोच (बीसीसीआई) संजय कुमार मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story