रेल प्रशासन के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त, मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा रेल चक्का जाम : लक्ष्मण झा

WhatsApp Channel Join Now
रेल प्रशासन के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त, मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा रेल चक्का जाम : लक्ष्मण झा


सुपौल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में मंगलवार को गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय पर सुपौल जिले के साथ रेल सुविधाओं के मामले में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान रेल चक्का जाम करने की घोषणा के बाद रेल प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगों पर जल्द विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लक्ष्मण कुमार झा ने फिलहाल आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और रेल अधीक्षक के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर के नाम ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सुपौल जिले के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। जिले में रेल सेवाओं के विस्तार, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विकास की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा और रेल चक्का जाम करने का निर्णय लिया जा सकता है।

लक्ष्मण कुमार झा ने ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और परिचालन में बदलाव के साथ स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग की। इसमें गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करना, हाट बाजार एक्सप्रेस का परिचालन सुपौल स्टेशन से शुरू करना तथा पुरविया एक्सप्रेस का परिचालन ललितग्राम, सरायगढ़ अथवा सुपौल स्टेशन से स्थायी रूप से शुरू करना शामिल है।

इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए ललितग्राम, सरायगढ़ अथवा सुपौल से गढ़ बरुआरी होते हुए पटना के लिए अतिरिक्त रात्रिकालीन ट्रेन चलाने, गढ़ बरुआरी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराने और एकमा रेलवे हॉल्ट के प्लेटफॉर्म का ऊंचीकरण कराने की मांग की गई।

लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि ये मांगें क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी हैं। रेल प्रशासन को इन पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान शिवकुमार सिंह, मिश्रीलाल सदा, सावित्री देवी, बाबा सिंह, शंकर सिंह, सामोल झा, मोहम्मद मुस्ताक, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद सद्दाम, सुमन शाह, गंगा देवी, लाल देवी और रमन कुमार वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767707 Articles

Share this story