राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर हुआ मंथन
किशनगंज, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार, को प्रेस क्लब किशनगंज में पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार विषय पर परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) गिरिजेश कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकारों को पौधे भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। परिचर्चा के दौरान पत्रकारिता की वर्तमान भूमिका, बदलते स्वरूप, सामाजिक सरोकार, निष्पक्ष समाचार संकलन और पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ माना जाता है। इसका दायित्व केवल खबरों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं और उनकी आवाज को उचित मंच देना तथा शासन-प्रशासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करना भी है।
वक्ताओं ने कहा कि लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और तथ्यों से समझौता नहीं होना चाहिए। जिम्मेदार पत्रकारिता का आधार निष्पक्षता, सत्यता, प्रमाणिकता और जनहित है। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि करना आवश्यक है, ताकि भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।
परिचर्चा में डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से पत्रकारिता के सामने उत्पन्न चुनौतियों पर भी विचार रखे गए। पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में समाचारों की सत्यता बनाए रखना और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों को मजबूत करना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

