राघोपुर ओवरब्रिज पर सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन घायल

WhatsApp Channel Join Now
राघोपुर ओवरब्रिज पर सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन घायल


राघोपुर ओवरब्रिज पर सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन घायल


सुपौल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-131 स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

इस दुर्घटना में बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां से महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल युवक सचिन कुमार अपनी बहन जयंती कुमारी को परीक्षा दिलाने के लिए केएन डिग्री कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान राघोपुर ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक बुलेट बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान भपटियाही थाना क्षेत्र के सदानंदपुर वार्ड संख्या 4 निवासी सचिन कुमार और उनकी बहन जयंती कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जयंती कुमारी गर्भवती हैं और हादसे के बाद उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुलेट चालक ने एक अन्य बाइक को भी टक्कर मार दी और इसके बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर थाने ले गई। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर BR 50 AJ 1970 बताया जा रहा है। रेफरल अस्पताल राघोपुर के डॉक्टर विपिन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल जयंती कुमारी और सचिन कुमार को अस्पताल लाया गया था। दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। जयंती कुमारी गर्भवती हैं और उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि सचिन कुमार के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उनका इलाज जारी है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बुलेट चालक की तलाश की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story