युवाओं की पहल  हॉप ब्रिज से शिक्षा और सेवा की नई उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं की पहल  हॉप ब्रिज से शिक्षा और सेवा की नई उम्मीद


सुपौल, 25 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से सुपौल जिले में शुरू किया गया 'हॉप ब्रिज' एनजीओ युवाओं की सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बनकर उभर रहा है। संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है।

'हॉप ब्रिज'की खासियत यह है कि संस्था से जुड़े अधिकांश सदस्य युवा और छात्र हैं, जो अपनी पढ़ाई के साथ-साथ समाजसेवा के लिए भी समय दे रहे हैं।

संस्था के सदस्य नियमित रूप से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

संस्था के संस्थापक एवं सक्रिय सदस्यों में अमर, अनिल, आलोक, कुलदीप, मनीष, शिवम, श्रवण, सोनू, उज्जवल, शिवानी, सारिका, जया और साक्षी सहित कई युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इन युवाओं का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा समाजसेवा से जुड़ें और शिक्षा के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के अलावा संस्था द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन और आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया जाता है। हाल ही में संस्था से जुड़े एक सदस्य के जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के बीच भोजन वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा की गईं। युवाओं की इस पहल ने यह संदेश दिया कि खुशियां दूसरों के साथ बांटने से और अधिक सार्थक हो जाती हैं।

संस्था का संकल्प है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा की राह में बाधा न बने। इसके साथ ही युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

सुपौल में युवाओं द्वारा शुरू की गई यह पहल आने वाले समय में सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव बन सकती है। शिक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ रहा 'हॉप ब्रिज' जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के लिए उम्मीद का नया पुल बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story