मालदा मंडल में उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली से सुरक्षा, गति एवं क्षमता को दी नई मजबू

WhatsApp Channel Join Now
मालदा मंडल में उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली से सुरक्षा, गति एवं क्षमता को दी नई मजबू


भागलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। देश के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली रेल सेवाओं को और अधिक सुरक्षित तथा दक्ष बनाने की दिशा में पूर्व रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आधुनिक तकनीक एवं सटीक संचालन के समन्वय से मालदा मंडल के अंतर्गत नाथनगर एवं अकबरनगर के बीच छीट मकंदपुर में इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। साथ ही भागलपुर एवं अकबरनगर के मध्य डबल डिस्टेंस सिग्नलिंग भी प्रारंभ की गई। यह कार्य न्यूनतम ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान सुव्यवस्थित योजना एवं उत्कृष्ट समन्वय के साथ संपन्न किया गया, जिससे रेल परिचालन की नियमितता एवं समयपालन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर के मार्गदर्शन तथा मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता एवं उनकी टीम के समर्पित प्रयासों से यह उपलब्धि पूर्व रेलवे की आधुनिकीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मालदा मंडल द्वारा यह प्रथम आईबीएस कमीशनिंग है तथा वर्ष 2026 में कुल पाँचवीं उपलब्धि है। यह पहल क्षमता वृद्धि एवं तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रगति का प्रतीक है।

विभिन्न स्टेशनों एवं खंडों में सुधार किए गए हैं। आईबीएस एवं डबल डिस्टेंस सिग्नलिंग प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों के बीच दूरी कम होगी, जबकि सुरक्षा मानक और अधिक मजबूत होंगे। इससे लाइन क्षमता में वृद्धि, विलंब में कमी तथा यात्रियों को अधिक विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा यह आधुनिकीकरण पहल सुरक्षा, क्षमता वृद्धि एवं परिचालन दक्षता को और बेहतर बनाने के हमारे सतत प्रयासों का हिस्सा है।

मालदा मंडल में आईबीएस एवं डबल डिस्टेंस सिग्नलिंग की शुरुआत से रेल परिचालन अधिक सुचारु होगा, भीड़भाड़ कम होगी तथा यात्रियों को अधिक भरोसेमंद यात्रा सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story