मरौना में नवरात्र पर निकली कलश शोभायात्रा, जय माता दी के जयकारों से गूंजा इलाका

WhatsApp Channel Join Now
मरौना में नवरात्र पर निकली कलश शोभायात्रा, जय माता दी के जयकारों से गूंजा इलाका


सुपौल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मरौना प्रखंड में शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार को दुर्गा पूजा की धूम रही। प्रखंड के विभिन्न गांवों में कलश शोभायात्रा निकाली गई। सरोजा बेला, बेलही, गमहिरिया, कदमाहा, बड़हरा, गजहारा, घोंगररिया, भलुआही, खोरमा, हररी और बेलहा सहित कई गांवों में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ शोभायात्रा में भाग लिया।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। नए कपड़े और आभूषण पहनकर श्रद्धालु भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए। बाजे-गाजे की धुन पर नाचते-गाते लोग 'जय माता दी' के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। इससे पूरा इलाका भक्तिमय हो गया। नवरात्र के पहले दिन रविवार को मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई।

मंदिरों और पूजा स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।नवरात्र शुरू होते ही पूरे मरौना प्रखंड में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं। वहीं, पूजा समितियों के सदस्य पूजा स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने में लगे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story