भागलपुर बाजार में अतिक्रमण पर चला नगर निगम का डंडा, अवैध निर्माण ध्वस्त
भागलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर बाजार के व्यवसायियों को जाम और असुविधा से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। भाजपा जिला व्यावसायिक मंच के उपाध्यक्ष दामोदर कुमार झुनझुनवाला द्वारा दिए गए आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए निगम की टीम ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए सीढ़ी, चबूतरे और अन्य अस्थायी ढांचों को बुलडोजर और क्रेन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मियों के मौके पर पहुंचते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय व्यवसायियों ने विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल और निगम प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी और अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कर दिया। भाजपा नेता दामोदर कुमार झुनझुनवाला की इस पहल और नगर निगम की त्वरित कार्रवाई का स्थानीय नागरिकों और ग्राहकों ने खुलकर स्वागत किया है।
लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से बाजार में लगने वाले रोज-रोज के जाम से मुक्ति मिलेगी। नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

