बंद नाश्ता दुकान से देशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बंद नाश्ता दुकान से देशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार


कटिहार, 28 अप्रैल (हि.स.)। कुरसेला पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुरसेला चौक स्थित बस स्टैंड के पास एक बंद नाश्ता दुकान में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर से करीब 11 लीटर देशी शराब बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान नंदकिशोर मंडल (पिता महेश्वर मंडल), ग्राम मलिनिया वार्ड नंबर 12, थाना कुर्सेला, जिला कटिहार तथा गोविंद कुमार मंडल (पिता दिनेश मंडल), ग्राम कुर्सेला बस्ती वार्ड नंबर 6, थाना कुर्सेला, जिला कटिहार के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों आरोपी नाश्ता एवं सत्तू की दुकान की आड़ में अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने मौके से ही दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जानी थी।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story