फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में तेजी, 7090 बच्चों की जांच में 22 संक्रमित मिले

WhatsApp Channel Join Now
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में तेजी, 7090 बच्चों की जांच में 22 संक्रमित मिले


किशनगंज, 24 मई (हि.स.)। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा टीएएस-1 (ट्रांसमिशन असेसमेंट सर्वेक्षण) अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। विद्यालय आधारित इस वैज्ञानिक सर्वेक्षण के माध्यम से बच्चों में संक्रमण की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 7090 बच्चों की जांच की गई है, जिनमें 22 बच्चों में फाइलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ठाकुरगंज प्रखंड को छोड़कर जिले के विभिन्न प्रखंडों में सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के बच्चों की जांच की जा रही है। प्रशिक्षित स्वास्थ्य टीमों द्वारा बच्चों के नमूने लेकर वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जा रहा है।

विभाग का कहना है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सर्वेक्षण कार्य लगातार जारी है। फाइलेरिया एक गंभीर मच्छरजनित बीमारी है, जो संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलती है। इस रोग से शरीर के विभिन्न अंगों में असामान्य सूजन हो जाती है, जिससे पीड़ित व्यक्ति को लंबे समय तक शारीरिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार छोटे बच्चों की जांच से हालिया संक्रमण की वास्तविक स्थिति का पता चलता है। अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम समेत अन्य अधिकारी लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं।

अधिकारियों द्वारा जांच प्रक्रिया, नमूना संग्रहण और अभिलेखों की समीक्षा की जा रही है। स्वास्थ्य टीमों को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग करने की अपील की।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि संक्रमण की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने से नियंत्रण में काफी मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि बच्चों की जांच पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है। वहीं जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम ने कहा कि टीएएस-1 अभियान फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसहयोग से ही जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story