नगर निगम में हर महीने के पहले और अंतिम मंगलवार को लगेगा जनता दरबार:मेयर

भागलपुर, 27 मई (हि.स.)। मेयर डॉक्टर वसुंधरा लाल ने कहा कि जनता की परेशानियां को लेकर अब नगर निगम में जनता दरबार लगाया जाएगा। वह नगर निगम प्रशाल में शनिवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहीं थी।
उन्होंने बताया कि इस जनता दरबार में नगर निगम के सभी विभागों के कर्मी मौजूद रहेंगे। जनता दरबार प्रत्येक महीने के पहले और अंतिम मंगलवार को दिन के 12:00 बजे से प्रारंभ होगा।
उल्लेखनीय हो कि इस बार जनता के द्वारा चुनी गई मेयर और उप मेयर की नई टीम शहर को नए रूप और नए स्वरूप में ढालने की कवायद कर रही है।
मेयर डॉक्टर वसुंधरा लाल ने कहा कि हम लोगों के कार्यकाल के अभी 5 महीने भी ठीक से पूरे नहीं हुए हैं लेकिन हम लोगों ने शहर को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक नई रणनीति बनाई है। जिसमें अब निगम के तहत परेशानियों को आम जनता हम लोगों के बीच रख सकेंगे और उसका निदान जल्द से जल्द किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जलकल, सफाई, स्वास्थ्य, अतिक्रमण, नक्शा, अवैध निर्माण, स्थापना, ट्रेड लाइसेंस और बुडको जैसे कई विषयों का निदान यहां किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए हम लोगों ने रात्रि पाली की शुरुआत कर दी है। वहीं दूसरी ओर प्लास्टिक लाओ थैला पाओ कार्यक्रम को भी प्रारंभ कर दिया है। उम्मीद है इससे शहर स्वच्छ और सुंदर बनेगा। मौके पर उप मेयर डॉक्टर सलाउद्दीन अहसन भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/बिजय/चंदा
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।