डॉ. चंद्रशेखर सिंह को मिली सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव की जिम्मेदारी
पटना, 27 अप्रैल (हि.स.)। बिहार सरकार के प्रशासनिक विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी अधिसूचा के अनुसार बिहार में मुख्यमंत्री सचिवालय, सूचना एवं जनसंपर्क तथा संसदीय कार्य विभाग के सचिव अनुपम कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित कर दिया गया है। अनुपम कुमार की जगह डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. चंद्रशेखर सिंह वर्तमान में मुख्यमंत्री सचिवालय और आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव के साथ-साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष भी हैं।
एक मई से नवपदस्थापन पद पर देना है योगदान
समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित कर दिया गया है। अनुपम कुमार और बंदना प्रेयषी को केंद्र सरकार के अधीन अलग-अलग महकमे में संयुक्त सचिव बनाया गया है। इन्हें एक मई के प्रभाव से नवपदस्थापन पद पर योगदान के लिए विरमित किया गया है।
कई पदाें पर रह चुके है डॉ. चंद्रशेखर सिंह
2010 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में एमए और पीएचडी की है। वे पटना के जिलाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त सहित कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं और एक परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही है। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक मजबूती और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

