जाम की समस्या से निजात को लेकर कौआकोल बाजार में चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
जाम की समस्या से निजात को लेकर कौआकोल बाजार में चला बुलडोजर


नवादा, 09 जून (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल बाजार में लगातार लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जेपी चौक से आश्रम मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी (सीओ) मनीष कुमार ने किया। उनके साथ पुलिस बल की टीम, बीपीआरओ शमा वानो, थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह तथा अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।

प्रशासनिक टीम को बाजार में पहुंचते ही दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमित स्थलों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया था तथा कई बार माइकिंग के माध्यम से दुकानदारों और लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके कई लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। जेसीबी के साथ प्रशासनिक टीम को देखकर कई दुकानदार स्वयं ही अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाकर अंदर रखने लगे। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटाते हुए प्रशासन ने बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कार्रवाई की।

सीओ मनीष कुमार ने कहा कि बाजार में जाम की समस्या का मुख्य कारण सड़क पर किया गया अतिक्रमण है। आम लोगों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story