घने कोहरे का कहर: गलत लेन से आ रहे ट्रक को बचाने में मुर्गा लदी पिकअप पलटी, सैकड़ों मुर्गों की मौत
भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले के नाथनगर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर बाईपास के पास रविवार को घने कोहरे और गलत लेन से आ रहे एक ट्रक की वजह से बड़ा सड़क हादसा हो गया।
बेगूसराय से मुर्गों की खेप लेकर भागलपुर के हबीबपुर जा रही एक बोलेरो पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन पर लदे सैकड़ों मुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे कारोबारी को लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि चालक मोहम्मद छोटू बेगूसराय से मुर्गा लोड कर भागलपुर के हबीबपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही गाड़ी किशनपुर बाईपास के समीप पहुंची, घने कुहासे के बीच सामने की गलत लेन से एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक आ गया।
दृश्यता कम होने के कारण ट्रक बिल्कुल करीब आकर दिखा। संभावित भीषण टक्कर से बचने के लिए चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगाया, जिससे तेज रफ्तार पिकअप असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक मोहम्मद छोटू को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए। हालांकि, पिकअप के पलटते ही उसमें दबने से सैकड़ों मुर्गों ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर सड़क किनारे पलटी पिकअप वैन को सीधा कराया और वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे बाईपास मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे महज दो दिन पहले ही इसी मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर-किशनपुर बाईपास मोड़ के पास कोहरे के कारण एक अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत हो गई थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार हो रहे हादसों से वाहन चालकों में दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

