एमजीसीयू के मीडिया विभाग के दो छात्र यूजीसी नेट में हुए सफल

WhatsApp Channel Join Now
एमजीसीयू के मीडिया विभाग के दो छात्र यूजीसी नेट में हुए सफल


पूर्वी चंपारण,05 फ़रवरी (हि.स.)। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। दिसम्बर 2025 में आयोजित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) में मीडिया अध्ययन विभाग के परास्नातक चौथे सेमेस्टर के दो छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। मीडिया अध्ययन विभाग के छात्र अरमान अली ने असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए क्वालीफाई की है और ऋषि राज ने पीएचडी में प्रवेश के लिए अहर्ता प्राप्त की है। दोनों छात्रों ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय और विभाग का नाम रोशन किया है। दोनों छात्रों की इस सफलता को अकादमिक क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।

मीडिया अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार झा ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और विभाग द्वारा दिए गए निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास रहा है कि छात्रों को शोध और शिक्षण के लिए आवश्यक अकादमिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

विभाग के सहायक आचार्य डॉ. साकेत रमण, डॉ. परमात्मा कुमार मिश्र, डॉ. सुनील दीपक घोडके, डॉ. उमा यादव और डॉ. मयंक भारद्वाज ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी है। मौके पर सफल विद्यार्थियों अरमान अली और ऋषि राज ने अपने गुरुजनों, अभिभावकों और विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्रों की इस सफलता से न केवल मीडिया अध्ययन विभाग बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story