अधिवक्ता संघ चुनाव 18 अप्रैल को, 1284 मतदाता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

WhatsApp Channel Join Now

पूर्णियां, 16 अप्रैल (हि.स.)।

जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव 18 अप्रैल को संपन्न होगा। यह चुनाव प्रत्येक दो वर्षों के अंतराल पर होता है, जिसके माध्यम से अधिवक्ता संघ के कार्यों के संचालन हेतु नए पदाधिकारियों का चयन किया जाता है। मतदान सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी। देर रात अथवा अहले सुबह तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।

वोटर लिस्ट के अनुसार इस चुनाव में कुल 1284 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के एक पद हेतु छह उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके लिए 20 वर्षों की वकालत की अर्हता निर्धारित है। इस पद के लिए वरीय अधिवक्ता बिभाकर प्रसाद सिंह, अजय कुमार उर्फ अजय कुमार सिंह, जे० एन० अम्बष्ट, विश्वनाथ झा, संजय कुमार सिंह एवं सुदीप राय चुनाव लड़ रहे हैं।

उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए छह उम्मीदवार, सचिव के एक पद हेतु वर्तमान सचिव सुमन जी प्रकाश सहित पांच अन्य प्रत्याशी, संयुक्त सचिव के तीन पदों हेतु दस उम्मीदवार, सहायक सचिव के तीन पदों के लिए ग्यारह उम्मीदवार, कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए तीन, पुस्तकालय प्रभारी के एक पद के लिए दो, कार्यकारिणी सदस्य के सात पदों के लिए तेरह, निगरानी सदस्य के तीन पदों के लिए नौ, अंकेक्षक के एक पद के लिए तीन तथा वरीय सदस्य के पाँच पदों के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

चुनाव की निष्पक्ष और सुचारू व्यवस्था हेतु चार सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया गया है, जिसमें मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में वर्तमान अध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सहयोग हेतु अधिवक्ता अरुण कुमार भारती, कैलाश बिहारी एवं अदनान मुस्तफा को सदस्य बनाया गया है। चुनाव के दिन प्रत्येक बूथ पर अधिवक्ताओं की तैनाती भी की जाएगी ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story