राष्ट्रीयता को समर्पित भाजपा का मुकाबला कथित सेक्यूलर से : शिव प्रकाश

राष्ट्रीयता को समर्पित भाजपा का मुकाबला कथित सेक्यूलर से : शिव प्रकाशभोपाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का जमीनी तैयारी पर खास जोर है, संगठन की बैठकों का दौर जारी है और प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है। पदाधिकारियों से राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि वर्तमान दौर की राजनीति में राजनीति में राष्ट्रीयता को समर्पित भाजपा का मुकाबला कथित सेक्यूलर से है।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 1990 से पहले तक कांग्रेस देश की राजनीति का केंद्रबिंदु थी और सभी दल उसे हटाने के लिए प्रयास करते रहते थे। अब भाजपा राजनीति के केंद्र में है और अन्य दल उसे हटाने के लिए एकत्र हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में लड़ाई राजनीतिक दलों के बीच होती थी, लेकिन अब यह लड़ाई फोर्सेज के बीच है। इसमें एक तरफ राष्ट्रीयता को समर्पित भाजपा है, तो दूसरी तरफ राष्ट्रीयता के विपरीत विचार रखने वाली, कथित सेक्युलर और देश तोड़ने वाली ताकतें हैं। इस लड़ाई में सिर्फ राजनीतिक तैयारी से काम नहीं चलेगा, हमें इन ताकतों के हथियारों, इनके षड्यंत्रों को समझना होगा।

शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम प्रत्येक बूथ को एक्टिव करने का अच्छा साधन हो सकता है। अपने संगठन को समाज के सहयोग से चलाना है, इसलिए समाज के सहयोग से समर्पण निधि एकत्र करें। हमारी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं हमारी ताकत हैं, ये योजनाएं नीचे तक कैसे पहुंचे, इसकी चिंता सभी को करना चाहिए।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि प्रवास हर लक्ष्य को प्राप्त करने का साधन है, यह हमारी कार्यप्रणाली के इंजन का केंद्रीय तत्व है। इसलिए हर स्तर के पदाधिकारी प्रवास पर जोर दें और इस संबंध में पार्टी के दिशा-निर्देशों पर पूरी तरह से अमल करें।

प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे ने कहा, हमारी सभी बैठकों और वर्गो में बूथ को मजबूत करने की बात की जाती है। हो सकता है, कुछ जगहों पर या कुछ कार्यकर्ताओं को यह काम कठिन लगता हो, लेकिन बूथ रचना का काम बहुत महत्वपूर्ण है। इसी के दम पर आज भाजपा इतनी बड़ी पार्टी बनी है।

बैठक की प्रस्तावना रखते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी टीम भावना से काम कर रही है और इसी से सफलता मिलती है। हाल ही में हुए चार में से तीन उपचुनावों में हमने सफलता प्राप्त की है।

शर्मा ने कहा, हम सभी ने मिलकर ऐतिहासिक काम किए हैं। पार्टी संगठन ने सरकार के साथ समन्वय करके वेक्सीनेशन अभियान में सफलता हासिल की। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भव्य आयोजन किया। अब टंट्या मामा के सम्मान में भी ऐसा ही कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं।

प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने आगामी कार्यक्रमों का ब्यौरा देते हुए कहा कि आगामी समय के लिए पार्टी ने अनेक कार्यक्रम तय किए हैं। ये सभी कार्यक्रम अपनी निर्धारित तिथि पर आयोजित किए जाएं।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा, हमारी कार्यपद्धति कार्यकर्ताओं तक पहुंच सके, इसके लिए प्रशिक्षण आवश्यक है। हमने व्यवस्थित रूप से मंडल के प्रशिक्षण आयोजित किए, जिसके हमें अच्छे परिणाम मिले हैं। अब हम एक से छह दिसंबर तक जिलों में प्रशिक्षण आयोजित करने जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/एसजीके

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story