भाजपा ने बिहार और दिल्ली के लिए कोर ग्रुप बनाया, चुनाव समिति व अनुशासन समिति का भी किया ऐलान

भाजपा ने बिहार और दिल्ली के लिए कोर ग्रुप बनाया, चुनाव समिति व अनुशासन समिति का भी किया ऐलाननई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा ने बिहार और दिल्ली, दोनों ही प्रदेशों के लिए कोर ग्रुप का गठन कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने बिहार प्रदेश के लिए चुनाव समिति और दिल्ली प्रदेश के लिए अनुशासन समिति की भी घोषणा कर दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता को पत्र लिखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ चर्चा के बाद गठित समितियों में शामिल किए गए नेताओं की लिस्ट भेजते हुए प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक महीने में कम से कम एक बार अनिवार्य रूप से करने को कहा है।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह द्वारा बिहार भाजपा अध्यक्ष को लिखे गए पत्र के मुताबिक, बिहार प्रदेश की कोर समिति में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद और रेनू देवी, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, बिहार सरकार में मंत्री शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडेय और एमएलसी सम्राट चौधरी सहित कुल 18 नेताओं को शामिल किया है।

इनके अलावा, लोकसभा सांसद और बिहार के सह प्रभारी हरीश द्विवेदी और बिहार-झारखंड के संगठन महासचिव नागेंद्र को भी विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर कोर समिति में शामिल किया गया है।

बिहार प्रदेश चुनाव समिति में 15 नेताओं को सदस्य के तौर पर, 1 नेता को पदेन सदस्य के तौर पर और 2 नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया है। चुनाव समिति में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद और रेनू देवी, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, बिहार सरकार में मंत्री मंगल पांडेय, जनक राम, प्रेम कुमार, प्रेम रंजन पटेल और प्रदेश संगठन महासचिव भीखूभाई दलसानिया को शामिल किया गया है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा को पदेन सदस्य के तौर पर और बिहार के सह प्रभारी हरीश द्विवेदी एवं बिहार-झारखंड के संगठन महासचिव नागेंद्र को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर प्रदेश चुनाव समिति में शामिल किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार से ही लोकसभा सांसद राजीव प्रताप रूडी को न तो कोर ग्रुप में जगह मिल पाई है और न ही चुनाव समिति में शामिल किया गया है।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह द्वारा दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता को लिखे गए पत्र के मुताबिक, दिल्ली प्रदेश के कोर ग्रुप में प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, विधानसभा में विपक्ष के नेता रामबीर सिंह बिधूड़ी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, डॉ. हर्षवर्धन, मनोज तिवारी, गौतम गंभीर, हंसराज हंस, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, विजय गोयल, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, आशीष सूद, पवन शर्मा और प्रदेश संगठन महासचिव सिद्धार्थन को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।

इन 16 नेताओं के अलावा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी बैजयंत पांडा एवं प्रदेश सह प्रभारी अलका गुर्जर को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर कोर ग्रुप में शामिल किया गया है।

इसके साथ ही भाजपा ने दिल्ली प्रदेश के लिए 5 सदस्यीय अनुशासन समिति का भी गठन कर दिया है। पूर्व विधायक जयभगवान अग्रवाल, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विशाखा सैलानी, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बेगराज खटाना के अलावा सूरज भान पांडेय और वेदव्यास महाराज को इस अनुशासन समिति का सदस्य बनाया गया है।

--आईएएनएस

एसटीपी/एसजीके

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story