लाओस से कतर तक…भारतीयों के लिए बदले इन 9 देशों के वीजा नियम, यात्रा से पहले जानें नया तरीका
भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए विदेश यात्रा अब थोड़ी बदल गई है. 2026 में कई देशों ने अपने वीजा नियमों में बड़े बदलाव किए हैं, जिसका सीधा असर आपकी यात्रा की योजना पर पड़ेगा. कुछ जगहों पर अब ऑनलाइन वीजा (ई वीजा) की जरूरत होगी, जबकि कुछ ने भारतीयों के लिए पहले से आसान एंट्री के विकल्प खत्म कर दिए हैं. वीजा फ्री एंट्री, वीजा ऑन अराइवल और ई वीजा के बीच का फर्क समझना अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है.
पासपोर्ट इंडेक्स, जो दुनिया के पासपोर्टों की रैंकिंग करता है, उसने अपनी नई लिस्ट जारी की है. इसमें भारत 199 देशों में 73वें स्थान पर है. यह रैंकिंग बताती है कि भारतीय पासपोर्ट धारक कितने देशों में बिना वीजा या आसान वीजा प्रक्रियाओं के साथ यात्रा कर सकते हैं. 2025 की लिस्ट की तुलना में भारतीय पासपोर्ट धारकों को अब चार और देशों के लिए वीजा लेना होगा. इसके साथ ही, पांच देशों ने भारतीयों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा भी खत्म कर दी है, जो एक बड़ा बदलाव है.
किन देशों में क्या बदला?
लाओस और कतर ने वीजा ऑन अराइवल की जगह अब ई वीजा अनिवार्य कर दिया है. इसका मतलब है कि यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा और मंजूरी लेनी होगी, बजाय इसके कि वे वहां पहुंचकर वीजा प्राप्त करें. श्रीलंका ने भी ई वीजा ऑन अराइवल से बदलकर इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (ETA) लागू कर दिया है, जिसके लिए भी पहले से मंजूरी लेनी पड़ती है. ईरान ने नवंबर 2025 में ही वीजा ऑन अराइवल की सुविधा खत्म कर दी थी और अब ई वीजा की जरूरत होती है. ये सभी बदलाव यात्रा से पहले की तैयारियों को और महत्वपूर्ण बनाते हैं.
यात्रा से पहले करें पुष्टि
अच्छी खबर यह है कि कुछ देशों ने वीजा प्रक्रिया को आसान भी किया है. चिली, घाना और वेनेजुएला, जहां पहले सामान्य वीजा लेना जरूरी था, अब ई वीजा का ऑप्शन देते हैं. यह उन यात्रियों के लिए एक राहत की बात है जो इन देशों की यात्रा की योजना बना रहे हैं. वहीं, केप वर्डे ने 1 जनवरी 2026 से भारतीयों सहित 96 देशों के नागरिकों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा पूरी तरह खत्म कर दी है.
निकागुआ ने 14 फरवरी 2026 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है. आप या तो इलेक्ट्रॉनिक वीजा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या अपना आवेदन फॉर्म निकारागुआ के इमिग्रेशन अधिकारियों को ईमेल से भेज सकते हैं. इन बदलावों से साफ है कि अपनी उड़ान बुक करने और होटल की बुकिंग करने से पहले लेटेस्ट एंट्री नियमों की जांच करना बहुत जरूरी है. एक ऐसा गंतव्य जहां आपने पुरानी लिस्ट में वीजा ऑन अराइवल देखा हो, वहां अब आपको यात्रा से पहले आवेदन करना पड़ सकता है. लापरवाही महंगी पड़ सकती है.

