Papda Roti Recipe: बच्चों के टिफिन के लिए बनाएं 'नरम पपड़ा रोटी', मिनटों में हो जाएगी तैयार
बच्चों के स्कूल टिफिन के लिए हर मां चाहती है कि वह कुछ ऐसा बनाए जो सेहतमंद भी हो और स्वाद में भी लाजवाब, ताकि बच्चा पूरा लंच खत्म करके आए। अक्सर सुबह की जल्दबाजी में समय कम होता है और समझ नहीं आता कि क्या खास बनाया जाए। अगर आपका बच्चा भी पराठे या पूरी खाने का शौकीन है और लंच में साधारण रोटी-सब्जी देखकर नाक सिकोड़ता है, तो आप 'पपड़ा रोटी' ट्राई कर सकती हैं। इसका स्वाद ऐसा है कि बच्चे इसे बार-बार बनाने की जिद करेंगे।
सामग्री
गेहूं का आटा- 2 कप
नमक- स्वादानुसार
गुनगुना पानी- 1 गिलास (आटा गूंथने के लिए)
तेल/घी- 4 चम्मच

पपड़ा रोटी बनाने की रेसिपी
पपड़ा रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा लें।
इसमें नमक मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें।
ध्यान रखें कि आटा न तो ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत गीला।
आटा गूंथने के बाद इसे 7-8 मिनट तक अच्छे से मसलें और फिर 5 मिनट के लिए सेट होने छोड़ दें।
इसके बाद तैयार आटे की अपने हिसाब से छोटी-बड़ी लोइयां काट लें या फिर तैयार आटे को बोर्ड पर रखकर लंबा रोल जैसा फैला लें।
फिर लोइयां काटकर हथेली पर रखकर गोल आकार दें।
अब सभी लोइयों को तेल लगी प्लेट पर रखकर हल्का सा तेल लगाएं।
अब लोइयों को लगभग 20 मिनट के लिए कवर करके रख दें।
समय पूरा होने के बाद प्लेट से 2-3 लोइयां निकालें और एक के ऊपर एक रखकर हल्के हाथों से दबाएं।
ध्यान दें कि वे एक दूसरे से चिपक जाएं। फिर इन्हें बेलन की मदद से बेल लें।
अब पैन को गैस पर रखकर फ्लेम को मीडियम करें।
पैन गर्म होने के बाद रोटी के तवे पर रखकर ढक्कन से ढक दें।
कुछ सेकेंड बाद इसे पलटकर दोनों तरफ सुनहरा होने तक पकाएं।
इस पर आप हल्का तेल या घी भी लगा सकती हैं।
जब रोटी अच्छी तरह सिक जाए, तो इसे गरमा-गरम सब्जी के साथ सर्व करें।

