सावन के आख‍िरी सोमवार पर भोलेनाथ के ल‍िए बनाएं सात्‍व‍िक थाली, बरसेगी कृपा

WhatsApp Channel Join Now

सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। इस पूरे महीने में भक्त भगवान भोलेनाथ की पूजा करते हैं। सोमवार के दिन व्रत भी रखते हैं। इस बार सावन का आखिरी सोमवार 24 अगस्त को पड़ रहा है। इस दौरान भक्त तैयारियां भी खास करते हैं। लोग भगवान शिव के लिए स्पेशल भोग बनाते हैं। ऐसे में अगर आप भी सावन के आखिरी सोमवार पर घर में भोलेनाथ के लिए सात्विक थाली तैयार करना चाहती हैं तो हम आपके लिए प्याज-लहसुन के बिना बनने वाली कुछ रेसिपीज लेकर आए हैं।अगर आप व्रत रख रही हैं तो व्रत वाली चीजों को अलग से रखें और नॉर्मल सात्विक भोग में अनाज वाली चीजें शामिल कर सकती हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं-

सावन के आखिरी सोमवार पर सात्विक थाली में क्‍या-क्‍या चीजें रखें?

सावन के आखिरी सोमवार पर भोलेनाथ को भोग लगाने के लिए आप ऐसी थाली तैयार कर सकती हैं जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल न हो। घर के सामान्य मसालों से भी स्वादिष्ट खाना बनाया जा सकता है।

1. घी लगी रोटी या पूड़ी

थाली में सबसे पहले आप सादी रोटी रख सकती हैं। रोटी बनने के बाद ऊपर से थोड़ा घी लगा दें। आप चाहें तो भोग के लिए घी की पूड़ी भी रख सकती हैं। अगर आप व्रत वाली थाली बना रही हैं तो गेहूं की रोटी या पूड़ी की जगह कुट्टू या सिंघाड़े के आटे की पूड़ी रख सकती हैं।

sawan somwar bhog thali (1)

2. बिना प्याज-लहसुन की दाल

सात्विक थाली में दाल भी रखी जा सकती है। इसके लिए आपको बहुत मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप मूंग दाल या अरहर दाल बना लें। इसमें प्याज और लहसुन के बजाय घी में लाल या हरी मिर्च, टमाटर और जीरा का तड़का लगा दें। ऊपर से धनिया पत्ती डाल सकती हैं। अगर आप इसका स्वाद थोड़ा बेहतर करना चाहती हैं तो दाल बनाते समय उसमें आम की खटाई भी डाल सकती हैं।

3. दही वाले आलू की सब्जी

आप भगवान शिव की सात्विक थाली में दही वाले आलू भी रख सकती हैं। खास बात तो यह है इसे व्रत में भी खाया जा सकता है। इसके लिए पहले उबले हुए आलू को घी में जीरा और मिर्च डालकर भून लें। अब इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छे मिक्स कर लें। इसके बाद दही को फेंट कर इसमें मिला दें और 5 मिनट के लिए पका लें। ध्यान रहे सेंधा नमक का ही इस्तेमाल करें।

4. लौकी या कद्दू की सब्जी

अगर आप थाली में एक और सब्जी रखना चाहती हैं तो लौकी या कद्दू भी बना सकती हैं। दोनों ही सब्जियों को बिना प्याज-लहसुन के आसानी से बनाया जा सकता है। लौकी को व्रत में जो मसाले खाए जाते हैं, उन्हीं के साथ पका लें। वहीं कद्दू की सब्जी में थोड़ा सा मीठा स्वाद पसंद हो तो अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा सा गुड़ या चीनी भी मिला सकती हैं। इस तरह थाली में एक सूखी और एक ग्रेवी वाली सब्जी हो जाएगी।

5. सादा चावल या जीरा राइस

थाली में चावल भी रख सकती हैं। सादे चावल को बनाना सबसे आसान ऑप्शन रहेगा। अगर आप थोड़ा स्वाद बढ़ाना चाहती हैं तो जीरा राइस बना सकती हैं। जीरा राइस के लिए चावल पकाने के बाद थोड़ा घी गर्म करके उसमें जीरा डाल दें और फिर चावल डालकर मिला लें। अगर आपका व्रत है तो समा के चावल भी बना सकती हैं।

6. दही

सात्विक थाली में आप एक कटोरी ताजा दही भी रख सकती हैं। इसे बिल्कुल सादा ही रखें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा भुना हुआ जीरा पाउडर और काला नमक डाल सकती हैं।

7. खीर या हलवा

भोलेनाथ को भोग लगाने के लिए थाली में कुछ मीठा जरूर रखा जाता है। कहते हैं कि भोलेनाथ को खीर बहुत पसंद है। ऐसे में आप चावल की खीर बना सकती हैं। हालांकि, अगर समय की कमी है तो खीर के अलावा आप हलवा सात्विक थाली में शामिल कर सकती हैं। हलवा को थोड़ा अलग स्वाद देना चाहती हैं तो आप माखंडी हलवा भी बना सकती हैं।

8. फल जरूर रखें

थाली में मौसमी फलों को जरूर शामिल करें। आप केला, सेब या जो फल आपको आसानी से मिल जाए, उन्हें साफ करके भोग की थाली में रख दें। फल को काटने की जरूरत नहीं है। पूजा के बाद इन्हें प्रसाद के रूप में आप बांट सकती हैं।

9. पंचामृत भी रख सकती हैं

अगर आप पूजा के लिए पूरी थाली तैयार कर रही हैं तो पंचामृत भी रखा जा सकता है। पंचामृत के बिना तो मानो पूजा ही अधूरी रहती है। इसे दूध, दही, घी, शहद और चीनी से बना लें। साथ ही इनमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी डाल दें।

सावन के आखिरी सोमवार की सात्विक थाली में क्या-क्या रखें?

आप इन प्वाइंटर्स में समझ सकती हैं कि भगवान शिव की सात्विक थाली में क्या-क्या रख सकती हैं-

कुट्टू के आटे की पूड़ी
अरहर या मूंग की दाल
सूखी आलू की सब्जी
लौकी या कद्दू की सब्जी
जीरा राइस या समा के चावल
सादा दही
चावल की खीर या सूजी का हलवा
मौसमी फल
पंचामृत
घी

sawan somwar bhog thali (2)
भोग की थाली तैयार करते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप भगवान शिव के लिए भोग की थाली बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें। जैसे-

प्याज और लहसुन का इस्तेमाल न करें।
खाने को बहुत ज्यादा मसालेदार न बनाएं।
थाली में अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा चीजें रख सकती हैं।
अगर आप सोमवार का व्रत रख रही हैं तो अनाज वाली चीजों और फलाहार को अलग-अलग थाली में रखें।
व्रत में सामान्य नमक की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल करें।
पूजा के बाद ही भोग को प्रसाद के रूप में ग्रहण करें।
सावन के आखिरी सोमवार पर भोलेनाथ के लिए सात्विक थाली बनाने के लिए बहुत सारी चीजों की जरूरत नहीं है। आप घर में आसानी से मिलने वाली चीजों से ही स्वादिष्ट सात्विक थाली तैयार कर सकती हैं।

Share this story