जन्‍माष्‍टमी 2026 पर लड्डू गोपाल को लगाएं 5 फ्लेवर में धन‍िया पंजीरी का भोग, पढ़ें आसान रेस‍िपी 

 

WhatsApp Channel Join Now

जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल के लिए भोग में धनिया पंजीरी जरूर बनाई जाती है। जन्माष्टमी की पूजा के बाद धनिया पंजीरी का प्रसाद बांटने की परंपरा है। इसकी खुशबू और स्वाद दोनों ही काफी अच्छे लगते हैं, लेकिन हर बार एक ही तरह की पंजीरी बनाना थोड़ा बोरिंग लग सकता है। ऐसे में अगर इस बार आप बाल गोपाल के लिए कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो धनिया पंजीरी को अलग-अलग फ्लेवर में तैयार कर सकती हैं।

5 फ्लेवर में बनाएं धनिया पंजीरी का भोग

इसमें बेस चीजें वही रहेंगी, लेकिन कुछ चीजें बदलकर इसका स्वाद अलग किया जा सकता है। आज हम आपको धनिया पंजीरी के 5 ऐसे फ्लेवर बता रहे हैं, जो आपके जन्माष्टमी के भोग को थोड़ा खास बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और इनके लिए बहुत ज्यादा झंझट भी नहीं करना पड़ेगा। आइए जानते हैं-

different flavours of dhaniya panjeeri for janmashtami (2)

1. धनिया और नारियल वाली पंजीरी

अगर आपको नारियल का स्वाद पसंद है तो इस बार धनिया पंजीरी में सूखा नारियल मिला सकती हैं। इसके लिए धनिया पाउडर को धीमी आंच पर थोड़ा सा भून लें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह जले नहीं। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल या फिर गरी का बुरादा मिला दें। इसके बाद स्वाद के हिसाब से पिसी हुई चीनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर दें। आप चाहें तो इसमें थोड़े से कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता भी डाल सकती हैं। इससे नारियल पंजीरी में अलग स्वाद आएगा और इसकी खुशबू भी अच्छी लगेगी।

2. इलायची वाली धनिया पंजीरी

मीठा कुछ भी बनाओ उसमें इलायची की खुशबू अलग ही होती है। ऐसे में आप जन्माष्टमी के मौके पर धनिया पंजीरी को इलायची वाला फ्लेवर दे सकती हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले धनिया पाउडर को थोड़ा सा भून लें। इसके बाद इसमें पिसी हुई इलायची डाल दें। अब इसमें पिसी हुई चीनी मिलाकर अच्छी तरह चला लें। ध्यान रखें कि इलायची बहुत ज्यादा न डालें। अब थोड़े से कटे हुए बादाम डाल दें। इससे पंजीरी का स्वाद और अच्छा हो जाएगा।

different flavours of dhaniya panjeeri for janmashtami (1)
3. मखाने वाली धनिया पंजीरी

कई घरों में मखाने वाली पंजीरी भी बनाई जाती है। कई लोग साबुत मखाना भूनकर डालते हैं, तो कुछ लोग मखाने को पीस कर मिक्स करते हैं। ऐसे में आप मखाने को कुरकुरा होने तक भून लें और फिर उन्हें दरदरा पीसकर धनिया की पंजीरी में मिला दें। इसके बाद पिसी हुई चीनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें। मखाने से पंजीरी में क्रंच आता है। इसमें आप अपनी पसंद के हिसाब से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकती हैं।


4. खसखस वाली धनिया पंजीरी

अगर आपको कोई रिच फ्लेवर चाहिए, तो इस बार खसखस वाली धनिया पंजीरी बना सकती हैं। इसके लिए धनिया पाउडर को भूनने के बाद अलग निकाल लें। अब उसी पैन में थोड़ी सी खसखस डालकर भून लें। इसे बहुत ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं है। अब भुना हुआ धनिया पाउडर और खसखस एक साथ मिला लें। इसमें पिसी चीनी डालें और अच्छी तरह मिक्स कर दें। चाहें तो थोड़ा सा कटा हुआ बादाम भी मिला सकती हैं। इससे पंजीरी का स्वाद और टेक्सचर दोनों थोड़ा अलग हो जाएगा।


5. किशमिश वाली धनिया पंजीरी

अगर आप पंजीरी में थोड़ी मिठास के साथ सूखे मेवे का स्वाद चाहती हैं तो किशमिश वाला फ्लेवर भी ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले धनिया पाउडर को धीमी आंच पर थोड़ा सा भून लें। इसके बाद इसमें छोटी-छोटी कटी हुई किशमिश डालें। अब पिसी हुई चीनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। किशमिश डालते समय मात्रा का ध्यान रखें, क्योंकि ज्यादा किशमिश डालने से पंजीरी बहुत मीठी हो जाएगी।

धनिया पंजीरी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप जन्माष्टमी 2026 पर लड्डू गोपाल के लिए धनिया पंजीरी का भोग बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखें। इससे पंजीरी का स्वाद काफी अच्छा हो जाएगा। जैसे-

धनिया पाउडर को हमेशा धीमी आंच पर भूनें।
इसे भूनते समय लगातार चलाते रहें ताकि धनिया जले नहीं।
चीनी डालने से पहले भुने हुए धनिया को थोड़ा ठंडा जरूर होने दें।
ड्राई फ्रूट्स या दूसरी चीजें अपनी पसंद के हिसाब से कम-ज्यादा रख सकती हैं।
पंजीरी में बहुत ज्यादा चीनी न डालें, वरना धनिया का स्वाद कम हो जाएगा।
अगर पंजीरी भोग के लिए बना रही हैं तो सभी चीजें साफ और ताजा रखें।
तैयार पंजीरी को पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही डिब्बे में रखें।
ध्यान रहे लड्डू गोपाल के भोग में तुलसी पत्ता जरूर रखें।
जन्माष्टमी पर ऐसे लगाएं भोग

जन्माष्टमी के दिन पूजा की तैयारी के साथ लड्डू गोपाल के लिए भोग भी तैयार किया जाता है। आप इन पांचों में से अपनी पसंद का कोई एक फ्लेवर चुन सकती हैं या फिर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में अलग-अलग फ्लेवर भी बना सकती हैं। इससे भोग की थाली देखने में भी अच्छी लगेगी और प्रसाद में भी थोड़ा बदलाव आ जाएगा।

Share this story