बेसन नहीं, इस बार चखें मूंग दाल की कढ़ी; एक बार खाएंगे तो स्वाद भूल नहीं पाएंगे
अगर आप बेसन की कढ़ी खाकर बोर हो गई हैं, तो मूंग दाल की कढ़ी आपके खाने का जायका बदल सकती है। यह न केवल स्वाद में बेमिसाल है, बल्कि इसे बनाना भी आसान है। मूंग दाल और दही दोनों मिलकर कढ़ी को सेहतमंद और प्रोटीन बनाते हैं। चाहे लंच हो या डिनर, इसे चावल के साथ परोसा जाए तो हर कोई उंगलियां चाटता रह जाएगा। ऐसे में इसकी रेसिपी के बारे में पता होना जरूरी है। आज का हमारा लेख इसी विषय पर है। आज हम आपको अपने इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि मूंग की कढ़ी कैसे बनाएं? जानते हैं इस लेख के माध्यम से...

मूंग दाल की कढ़ी कैसे बनाएं?
सबसे पहले मूंग दाल को धोएं। अब भिगोई हुई मूंग दाल को धोकर मिक्सी में थोड़े से पानी के साथ बारीक पीस लें।अब एक बर्तन में दही को अच्छे से फेंट लें, फिर इसमें दाल का पेस्ट, थोड़ा बेसन और पानी डालकर एक पतला घोल तैयार करें ताकि गुठलियां न रहें।अब एक भारी तले की कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें और दही-दाल का मिश्रण डालें। इसे तेज आंच पर तब तक चलाएं जब तक एक उबाल न आ जाए। उबाल आने के बाद इसमें हल्दी और नमक डालें। आंच धीमी कर दें और इसे 20-25 मिनट तक पकने दें, जिससे दाल का कच्चापन दूर हो जाए।एक छोटे पैन में घी गरम करें और इसमें राई, जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालकर चटकाएं। अंत में थोड़ी लाल मिर्च पाउडर डालें।अब तैयार तड़के को कढ़ी के ऊपर डालें और ढक दें। अंत में हरा धनिया डालकर गरमा-गरम चावल के साथ परोसें।
नोट - बता दें कि जब आपकी कढ़ी तैयार हो जाए तो उसे तुरंत कड़ाही से निकाल लें और एक कटोरे में करके रख लें। ऐसा करने से कड़ाही के कारण उसका स्वाद नहीं बदलेगा।

