उबले आलू से मिनटों में बनाएं रसीली और क्रिस्पी जलेबी, नोट करें रेसिपी
कुरकुरी जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आना लाजमी है। चाशनी में डूबी गरमा-गरम कुरकुरी जलेबी जब दही के साथ मिल जाए, तो मजा आ जाता है। ऐसे में सुबह नाश्ते में जब भी कुछ मीठा खाने का मन करता है, तो हम बाजार से मंगवा लेते हैं। हालांकि, कुछ लोग ज्यादा मैदा से बनी होने के कारण जलेबी नहीं खाते हैं। अगर आप भी अधिक मैदा वाली जलेबी खाने से परहेज करती हैं, तो उबले हुए आलू से बनने वाली जलेबी बना सकती हैं। नीचे दिए गए लेख में इसे बनाने की आसान रेसिपी पढ़ें-
सामग्री
उबले हुए आलू-2 मध्यम आकार के
मैदा-आधा कप
कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा-2 बड़े चम्मच
दही- 2 बड़े चम्मच
बेकिंग सोडा-1 चुटकी
पानी- आवश्यकतानुसार (घोल बनाने के लिए)
चीनी-1 कप (चाशनी के लिए)
केसर के धागे या फूड कलर-थोड़ा सा (वैकल्पिक)
घी या तेल- जलेबी तलने के लिए (जरूरत के अनुसार)

विधि
सबसे पहले एक बर्तन में 1 कप चीनी और 1 कप पानी डालकर गैस पर रखें। इसे तब तक उबालें जब तक चीनी घुल जाए और चाशनी हल्की चिपचिपी न बन जाए। इसमें थोड़ा सा इलायची पाउडर या केसर मिला सकती हैं।इसके बाद एक बाउल में अच्छी तरह मैश किए हुए उबले आलू लें। इसमें मैदा, कॉर्नफ्लोर और दही डालकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि कोई गुठली न रहे। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इडली के घोल जैसा गाढ़ा बैटर तैयार करें।तलने से ठीक पहले इसमें 1 चुटकी बेकिंग सोडा मिलाएं। इस बैटर को किसी सॉस की खाली बोतल या दूध की थैली में भर लें। नीचे से छोटा सा कोना काट लें। अब एक कड़ाही में घी या तेल को मीडियम टेंपरेचर पर गर्म करें।इसके बाद गोल-गोल घुमाते हुए जलेबियां बनाएं और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। अब तली हुई गर्म जलेबियों को निकालकर तुरंत हल्की गर्म चाशनी में डालें।अब इन्हें 1-2 मिनट चाशनी में रखने के बाद बाहर निकाल लें। अब इसे गरमा-गरम सर्व करें। अगर कुरकुरी जलेबी के स्वाद को बढ़ाना चाहती हैं, तो दही के साथ परोसें।
आलू की जलेबी बनाते समय ध्यान रखें ये बातें
अगर आप पहली बार जलेबी घर पर बना रही हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। नीचे बताए गए प्वाइंट्स में समझें-
आलू में बिल्कुल भी गांठें नहीं होनी चाहिए, वरना जलेबी बनाते समय पाइपिंग बैग या थैली में रुकावट आ सकती है।
जलेबी तलते समय तेल न तो बहुत ज्यादा गर्म होना चाहिए और न ही ठंडा। मध्यम आंच रखने से जलेबी अंदर तक क्रिस्पी बनती है।
ध्यान रखें कि चाशनी बहुत ज्यादा उबलती हुई या बहुत ठंडी न हो, हल्की गर्म चाशनी में जलेबी डालने से रस अंदर तक अच्छी तरह भरता है।

