नाश्ते में बनायें “बेसन चीला पिज्जा”, बच्चों बड़ों सभी आयेगा खूब पसंद
सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा खाने का मन हो, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ झटपट तैयार भी हो जाए? अगर आप रोज-रोज के पराठे, पोहा या साधारण बेसन चीले से थोड़ा हटकर कुछ ट्राई करना चाहते हैं, तो बेसन चीला पिज्जा आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए मैदे की जरूरत नहीं पड़ती। बेसन से तैयार किया गया कुरकुरा और स्वादिष्ट चीला यहां पिज्जा के बेस का काम करता है, जिस पर पिज्जा सॉस, प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और चीज की टॉपिंग की जाती है।
बेसन प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है और जब इसमें ताजी सब्जियों और चीज का स्वाद जुड़ता है, तो यह नाश्ता स्वाद और पोषण का एक दिलचस्प कॉम्बिनेशन बन जाता है। बच्चों को जहां इसका पिज्जा जैसा स्वाद पसंद आएगा, वहीं बड़ों के लिए भी यह पारंपरिक चीले का एक मजेदार ट्विस्ट हो सकता है। तो आप भी बेसन चीला पिज्जा जरूर ट्राई करें।
सामग्री
बेसन-1 कप
पानी-आवश्यकतानुसार
प्याज-1 छोटा बारीक कटा
टमाटर-1 छोटा बारीक कटा
शिमला मिर्च-½ बारीक कटी
अजवाइन-½ चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-½ चम्मच
हल्दी-½ चम्मच
नमक -स्वादानुसार
पिज्जा सॉस-2–3 बड़े चम्मच
चीज-½ कप कद्दूकस किया हुआ
तेल-1–2 चम्मच
थोड़ा-सा ऑरेगैनो और चिली फ्लेक्स
विधि
एक बाउल में बेसन, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालें। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा लेकिन स्मूद बैटर तैयार करें। इसे 5–10 मिनट के लिए रख दें।तवा गर्म करके हल्का तेल लगाएं। बेसन का बैटर डालकर गोल आकार में थोड़ा मोटा चीला फैलाएं। मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें।चीले के ऊपर पिज्जा सॉस फैलाएं। फिर प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च डालें। ऊपर से भरपूर चीज डालें।चीले को ढककर धीमी आंच पर 2–3 मिनट पकाएं, जब तक चीज अच्छी तरह पिघल न जाए।ऊपर से ऑरेगैनो और चिली फ्लेक्स डालें। गरमागरम बेसन चीला पिज्जा को स्लाइस में काटकर परोसें।

