Independence Day Special: घर पर बनाएं स्पंजी तिरंगा ढोकला, रेसिपी है बेहद आसान
स्वतंत्रता दिवस का मौका हो और घर में कुछ खास, स्वादिष्ट व देशभक्ति के रंग में रंगा न बने, ऐसा कैसे हो सकता है। 15 अगस्त के मौके पर हम कुछ अलग और नया ट्राई करने की सोचते हैं। अगर आप भी इस खास दिन को अपनी फैमिली के साथ सेलिब्रेट करना चाहती हैं, तो 'तिरंगा ढोकला' एक परफेक्ट ऑप्शन है। जी हां, स्वादिष्ट होने के साथ-साथ यह देखने में भी बेहद खूबसूरत लगता है और सेहत के लिहाज से भी हल्का व पौष्टिक होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बिना किसी झंझट के घर की सामग्री से आसानी से तैयार किया जा सकता है। ऐसे में इसकी आसान सी रेसिपी के बारे में पता होना जरूरी है। जानते हैं आगे...

सामग्री
तेल: 3 बड़े चम्मच
गाजर का पल्प: 2 बड़े चम्मच
पालक का पल्प: 2 बड़े चम्मच
अदरक: 1 इंच
बेकिंग सोडा: आधा बड़ा चम्मच
बेकिंग पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
तड़के के लिए: 1 बड़ा चम्मच राई
2 हरी मिर्च
1 डंठल कड़ी पत्ता
गार्निशिंग: बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक
सूजी: 100 ग्राम
दही: 4 बड़े चम्मच
तिरंगा ढोकला कैसे बनाएं?

बैटर तैयार करें: एक बड़े बर्तन में सूजी, दही, कद्दूकस किया अदरक, स्वादानुसार नमक और 1 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें जरूरत के हिसाब से पानी मिलाते हुए मध्यम गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इस बैटर को ढककर 20 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए।
तीन रंग के बैटर बनाएं: 20 मिनट बाद बैटर को तीन अलग-अलग कटोरियों में बराबर बांट लें। पहली कटोरी में केसरिया रंग के लिए गाजर का पल्प मिलाएं। दूसरी कटोरी का बैटर सादा ही रहने दें। तीसरी कटोरी में हरे रंग के लिए पालक का पल्प मिलाएं।
स्टीम करने की प्रक्रिया: स्टीमर या बड़े बर्तन में पानी गरम करें और स्टीम स्टैंड रखें। एक मोल्ड को तेल लगाकर चिकना कर लें। तीनों बैटर में थोड़ा-थोड़ा बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर डालकर हल्के हाथ से फेंटें। सबसे पहले मोल्ड में हरा बैटर डालकर फैलाएं।
तैयार हो जाएगा ढोकला: इसके ऊपर सावधानी से सफेद बैटर की परत बिछाएं। अंत में सबसे ऊपर केसरिया यानी गाजर का बैटर डालकर बराबर फैला लें। मोल्ड को स्टीमर में रखकर ढक दें और 20-25 मिनट तक तेज आंच पर पकने दें। पकने के बाद चाकू डालकर चेक करें, अगर चाकू साफ बाहर आए तो ढोकला बनकर तैयार है। इसे ठंडा होने दें।
तड़का और परोसने का तरीका: एक छोटे पैन में तेल गरम करें। इसमें राई और कड़ी पत्ता डालकर तड़काएं। अब कटी हुई हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। ठंडे हुए ढोकले को मोल्ड से निकालकर कटिंग करें और ऊपर से गरमा-गरम तड़का फैलाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं और सर्व करें।

तिरंगा ढोकला बनाते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
रंगों के लिए प्राकृतिक गाजर और पालक के पल्प का ही इस्तेमाल करें, इससे स्वाद और सेहत दोनों बने रहेंगे। इससे अलग एक परत के ऊपर दूसरी परत डालते समय जल्दबाजी न करें, ताकि तीनों रंग आपस में मिक्स न हों। साथ ही, बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर मिलाने के तुरंत बाद बैटर को स्टीम होने रख दें, ज्यादा देर रखने से ढोकला स्पंजी नहीं बनेगा।

