नाश्ते में ऐसे बनाएं बैंगन टेम्पुरा, नापसंद करने वाले भी रह जाएंगे मांगते
अक्सर सुबह के नाश्ते में क्या बनाया जाए? इसे लेकर दिमाग में उलझन चलती रहती है, खासकर तब, जब घर में छोटे बच्चे हों। ऐसे में महिलाएं ब्रेकफास्ट के लिए अक्सर कुछ यूनिक और स्वादिष्ट डिशेज सर्च करती हैं। अगर आप भी नाश्ते में कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो एक बार 'बैंगन टेम्पुरा' जरूर ट्राई करें। इसका स्वाद इतना जबरदस्त होता है कि हर कोई इसे मांग-मांग कर खाएगा। बता दें कि यह एक जापानी स्टाइल डिश है। अगर आपके घर में बैंगन देखते ही बच्चे मुंह बनाने लगते हैं, तो उन्हें यह कुरकुरा और मसालेदार ट्विस्ट बेहद पसंद आएगा। नीचे पढ़ें इसकी आसान रेसिपी-

बैंगन टेम्पुरा बनाने की रेसिपी
बैंगन टेम्पुरा बनाने के लिए सबसे पहले 2 लंबे आकार के बैंगन लें और उन्हें साफ पानी से धोकर कपड़े से पोंछ लें। अब एक वेजिटेबल पिलर (Y-शेप्ड) की मदद से बैंगन को लंबा-लंबा लच्छेदार छील लें या फिर कद्दूकस के सबसे मोटे ब्लेड का उपयोग करके इसे लच्छों में कस लें।
अब एक कटोरे में मैदा, कॉर्नफ्लोर, बेकिंग पाउडर, नमक, हल्दी, काली मिर्च और लाल मिर्च पाउडर डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा ठंडा पानी मिलाते हुए एक गाढ़ा घोल बनाएं। ध्यान रहे कि घोल में गुठलियां न पड़ें।
इसके बाद तैयार घोल में लच्छेदार बैंगन डालें। एक चम्मच की मदद से इसे अच्छे से मिलाएं ताकि बैंगन के लच्छों पर घोल की अच्छी परत चढ़ जाए। दूसरी तरफ गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें तेल डालकर गर्म करें।
तेल जब गर्म हो जाए, तो इसमें घोल में लिपटे हुए बैंगन के लच्छों को एक-एक करके डालें। गैस की आंच को लो फ्लेम करके इन्हें गोल्डन ब्राउन व क्रिस्पी होने तक फ्राई करें।
फ्राई करने के बाद इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा ऑयल सोख जाए। अब प्लेट में म्योनीज की एक लेयर लगाएं। अब इस पर फ्राई किए गए कुरकुरे बैंगन रखें और ऊपर से बारीक कटे हरे प्याज के पत्ते छिड़क कर गरमा-गरम सर्व करें।

बैंगन टेम्पुरा बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
टेम्पुरा का स्वाद इसके घोल में होता है। इसके लिए नॉर्मल पानी के बजाय ठंडा पानी इस्तेमाल करें।
घोल को चम्मच से बहुत ज्यादा नहीं फेंटना है।
टेम्पुरा को हमेशा लो फ्लेम पर फ्राई करें।
इंडियन ट्विस्ट देने के लिए लाल मिर्च का इस्तेमाल कर सकती हैं।

