आप भी सब्जी में गलत वक्त पर डालती हैं नमक? बदल जाएगा खाने का स्वाद, पढ़ें सीक्रेट टिप्स
हमारे यहां भारतीय घरों में कई तरह की चीजें बनाई और खाईं जाती हैं, लेकिन अगर खाने में नमक कम हो तो सब्जी फीकी लगती है और ज्यादा हो जाए तो पूरी मेहनत खराब हो जाती है। पर क्या आपको पता है कि सिर्फ नमक की मात्रा ही नहीं, उसे किस समय डाला जा रहा है, यह भी स्वाद पर असर डालता है? कई लोग सब्जी गैस पर चढ़ाते ही नमक डाल देते हैं, तो कुछ लोग खाना पूरी तरह तैयार होने के बाद नमक डालते हैं।
दोनों ही तरीकों से हर तरह की सब्जी का स्वाद एक जैसा नहीं आता है। नमक धीरे-धीरे डालकर बीच में स्वाद चखते रहना ज्यादा आसान तरीका है। इससे जरूरत के हिसाब से नमक कम-ज्यादा किया जा सकता है और सब्जी का स्वाद भी बेहतर तरीके से बैलेंस होता है। आज हम आपको अपने इस लेख में बताएंगे कि सब्जी में नमक डालने का सही समय क्या है? आइए जानते हैं-
सब्जी बनाते समय कब डालें नमक?
आपको बता दें कि सब्जी में नमक डालने का समय उसकी रेसिपी पर डिपेंड करता है। आमतौर पर सारा नमक एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा डालना बेहतर रहता है। इससे आपको आखिरी में नमक ज्यादा पड़ जाने का डर भी कम रहता है।
-1790315272699.webp)
1. प्याज-टमाटर वाली सब्जी में ऐसे डालें नमक
अगर आप प्याज, टमाटर और मसालों से ग्रेवी वाली सब्जी बना रही हैं तो शुरुआत में थोड़ा नमक डाल सकती हैं। इसके बाद सब्जी पकने के दौरान स्वाद चखकर जरूरत के हिसाब से बाकी नमक डाल दें। इसका फायदा यह है कि नमक स्वाद के साथ पूरा एडजस्ट हाे जाता है।
2. सूखी सब्जी में ऐसे डालें नमक
आलू, गोभी, बीन्स या दूसरी सूखी सब्जी अगर आप बना रही हैं तो उसमें नमक धीरे-धीरे डालना ही सही तरीका है। शुरुआत में थोड़ा नमक डालें और जब सब्जी आधी पक जाए तो थोड़ा सा चखकर बाकी नमक डाल दें। इससे सब्जी में नमक तेज नहीं होता है।
3. सब्जी में पानी ज्यादा है तो रखें खास ध्यान
किसी सब्जी में पकाते समय पानी ज्यादा निकलता है या आप उसमें पानी डालती हैं, तो शुरुआत में बहुत ज्यादा नमक डालना सही नहीं रहेगा। खाना पकने के साथ पानी कम हो जाएगा और नमक ज्यादा हाे सकता है। इसलिए ऐसी सब्जी में पहले कम नमक रखें और आखिर में स्वाद देखकर इसे एडजस्ट करें।
4. कुछ सब्जियों में पहले ही लगाएं नमक
कुछ ऐसी भी सब्जियां हैं जिसमें लोग पहले ही नमक लगा देते हैं। इससे उनका पानी बाहर आ जाता है और कई बार तो सब्जी की कड़वाहट भी कम हो जाती है। जैसे बैंगन और करेला पर लोग पहले ही नमक लगा देते हैं।
5. आखिर में नमक डालने की गलती न करें
कुछ लोगों को लगता है कि सब्जी पूरी बन जाने के बाद ही नमक डालेंगे, लेकिन अगर नमक बिल्कुल आखिर में डाला जाए तो उसका स्वाद सब्जी में सही तरह से घुल नहीं पाता है। इससे सब्जी का स्वाद बिगड़ सकता है। ऐसे में कुछ निवाले ज्यादा नमकीन और कुछ फीके लग सकते हैं। इसलिए बेहतर है कि खाना बनाते समय थोड़ा-थोड़ा करके नमक डालें और आखिर में स्वाद चखकर जरूरत के हिसाब से इसे ठीक कर सकती हैं।
-1790315232042.webp)
नमक डालते समय याद रखें ये बातें
अगर आप सब्जी बना रही हैं, तो नमक का इस्तेमाल करते समय आपको कुछ बातें ध्यान रखनी चाहिए। जैसे-
पूरा नमक एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके डालें।
सब्जी पकने के बीच में एक बार स्वाद जरूर चखें।
पानी वाली सब्जी में शुरुआत में ज्यादा नमक न डालें।
सूखी सब्जी में भी नमक धीरे-धीरे एडजस्ट करें।
जिस सब्जी में पहले से नमक लगाने की जरूरत हो, उसकी रेसिपी के हिसाब से ऐसा करें।
खाना तैयार होने से पहले आखिरी बार नमक चेक कर लें।

