बीटरूट पनीर कबाब सिर्फ मिनटों में करें तैयार, स्वाद के साथ मिलेगा भरपूर पोषण

WhatsApp Channel Join Now

फिटनेस फ्रीक महिलाएं अपनी हेल्थ को बेहतर बनाए रखने के लिए हमेशा ऐसे स्नैक्स की तलाश में रहती हैं, जो टेस्‍टी होने के साथ-साथ हेल्दी और पोषक तत्वों से भरपूर भी हों। अगर आप भी अपनी डाइट में कुछ नया, टेस्‍टी और हेल्‍दी शामिल करना चाहती हैं, तो बीटरूट पनीर कबाब बेस्‍ट विकल्प हो सकते है। चुकंदर और पनीर से बनने वाली यह रेसिपी प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और कई जरूरी विटामिन्स से भरपूर होती है, जो शरीर को एनर्जी देने के साथ लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में भी मदद करती है। इस हेल्दी स्नैक की खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। आप इसे शाम की हल्की भूख मिटाने, बच्चों के टिफिन, अचानक आए मेहमानों की खातिरदारी या फिर हाउस पार्टी के स्टार्टर के रूप में भी सर्व कर सकती हैं। तो आइए शेफ अंकित मल्होत्रा से स्वाद और सेहत से भरपूर बीटरूट पनीर कबाब की आसान रेसिपी के बारे में जानते हैं।

बीटरूट पनीर कबाब की सामग्री

beetroot paneer kabab snack recipe

बीटरूट( ग्रेट किया हुआ)-1 कप
पनीर (ग्रेट किया हुआ)- 1/2 कप
ब्रेड क्रंब्स- 1/4 कप
लहसुन का पेस्ट- 1 टी स्पून
जीरा पाउडर- 1/2 टी स्पून
धनिया पाउडर- 1/2 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर- 1/4 टी स्पून
नमक- स्वादानुसार
हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)- 1 से 2
धनिया पत्तियां (कटी हुई)- 1 से 2 टेबल स्पून
तेल- सॉते करने के लिए

beetroot paneer kabab healthy high protein snack recipe

बीटरूट पनीर कबाब की विधि

सबसे पहले बीटरूट और पनीर को अच्छे से कद्दूकस करके एक बाउल में डालें।
फिर बाउल में ब्रेड क्रंब्स, अदरक-लहसुन का पेस्ट, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च और स्‍वादानुसार नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
इस मिश्रण को अच्छे से मसलते हुए गूंथ लें ताकि सारी सामग्री अच्छी तरह मिल जाए। अगर आपको मिश्रण ज्यादा गीला लगे तो थोड़ा और ब्रेड क्रंब्स मिला लें।
अब तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर अपनी पसंद के अनुसार गोल या टिक्की के आकार के कबाब बना लें और कुछ मिनट के लिए अलग रख दें। इससे कबाब का आकार अच्छी तरह सेट हो जाएगा।
एक तवे पर तेल गरम करें। तेल गरम होने के बाद कबाब को तवे पर रखें और मीडियम आंच पर दोनों तरफ से गोल्‍डन और कुरकुरा होने तक सेकें। कबाब को टूटने से बचने के लिए बार-बार पलटने से बचें।
जब कबाब अच्छी तरह क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन हो जाएं, तब उन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्‍स्‍ट्रा ऑयल निकल जाए।
गरमागरम टेस्‍टी और हेल्‍दी बीटरूट पनीर कबाब तैयार है, इसे हरी चटनी के साथ सर्व करें।

Share this story