बरसात में सील गई हैं माचिस की तीलियां? रसोई की इस 1 चीज से दूर होगी नमी
मानसून का मौसम गर्मी से राहत दिलाता है, लेकिन साथ ही नमी भी बहुत बढ़ा देता है। इसके कारण घर की दीवारों में सीलन आ जाती है, कपड़ों से अजीब बदबू आने लगती है और किचन में रखे खाद्य पदार्थों समेत अन्य जरूरी सामान भी सील जाते हैं। इन्हीं में से एक है माचिस की डिब्बी, जिसका इस्तेमाल रसोईघर और मंदिर में रोजाना किया जाता है। कई बार जरूरत पड़ने पर यह जलती ही नहीं है, क्योंकि डिब्बे के अंदर नमी चली जाती है। अगर आपके घर में रखे माचिस के बॉक्स या फिर तीलियों में नमी आ गई है, तो आप चावल का इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे दिए गए लेख में जानें इसका तरीका और यह भी कि यह हैक काम कैसे करता है?
माचिस की तीलियों की नमी को कैसे दूर करें?
मानसून गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन अपने साथ घर में ढेर सारी नमी भी लाता है। इस मौसम में अक्सर माचिस की डिब्बी सील जाती है। इस समस्या को दूर करने के लिए आप रसोईघर में रखे चावल के दानों का इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे जानें तरीका-

इसके लिए सबसे पहले ऐसा बर्तन लें, जिसे आप आसानी से बंद कर सकें।
अब इस डिब्बे या कटोरी में 2-3 चम्मच सूखे कच्चे चावल डालें।
फिर सीली हुई माचिस की डिब्बी या सिर्फ तीलियों को निकालकर चावल के बीच में दबाकर रख दें।
इसके बाद डिब्बे का ढक्कन को बंद करके 3-4 घंटे के लिए छोड़ दें।
समय पूरा होने के बाद जब आप माचिस बाहर निकालेंगे, तो तीलियां और डिब्बी का रगड़ने वाला हिस्सा बिल्कुल सूखा चुका होगा।
अब इसे आप जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- रुकिए जरा! मत फेंकिए दवाइयों के खाली रैपर, तमाम कामों को बना सकते हैं आसान
चावल के दानों से कैसे दूर होती है नमी?
चावल एक प्राकृतिक डेसिकेंट यानी नमी सोखने वाला पदार्थ है। चावल के दानों में हवा में मौजूद नमी को तेजी से खींचने की क्षमता होती है। आप जब सीली हुई माचिस को चावल के बीच रखती हैं, तो चावल माचिस और उसके बारूद में फंसी सारी नमी को खुद के अंदर सोख लेता है।

माचिस की डिब्बी को नमी से कैसे बचाएं?
माचिस की तीलियों और डिब्बी को बचाने के लिए इन्हें खुले में रखने की जगह प्लास्टिक कंटेंनर में बंद करके रखें। साथ ही इसमें चावल के कुछ दाने डाल दें। इससे अगर नमी डिब्बे में चली भी गई तो सूख जाएगी। इसके अलावा माचिस को गैस स्टोव या सिंक के ठीक पास न रखें, क्योंकि वहां भाप और नमी सबसे ज्यादा होती है।

