गर्मी आते ही बढ़ जाता है मलेरिया का खतरा, ऐसे रखें खुद को सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now

गर्मियां आते ही कई तरह की समस्याएं आना शुरु हो जाती हैं, जिसमें से एक है मलेरिया का खतरा. ये एक ऐसी बीमारी है जो हर साल हजारों लोगों को प्रभावित करती है. जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, मच्छर भी पनपना शुरु कर देते हैं. जगह-जगह जमा पानी, नमी और गंदगी इनकी संख्या को तेजी से बढ़ा देती है. यही वजह है कि गर्मी शुरू होते ही मलेरिया का खतरा भी धीरे-धीरे बढ़ने लगता है. मलेरिया में तेज बुखार आता है. लेकिन अक्सर लोग इसे सामन्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. सही समय पर इलाज न होने पर मलेरिया गंभीर रूप ले सकता है.ऐसे में जरूरी है कि हम समय रहते सतर्क हो जाएं और अपने घर व आसपास के माहौल को साफ-सुथरा रखें. साथ ही मच्छरों से बचने के उपायों को अपने डेली रूटीन का हिस्सा बनाएं. चलिए आपको भी बताते हैं कुछ ऐसे ही उपाय जिनकी मदद से आप पहले ही खुद को मलेरिया से बचा सकते हैं.

घर के आसपास पानी जमा न होने दें
मलेरिया वाले मच्छर हमेशा पानी में पनपते हैं. ऐसे में जरूरी है कि अपने घर के आसपास और अंदर जगह के साफ-सुथरा और सूखा रखा जाए. कूलर, गमले, पुराने टायर, बाल्टी या छत पर रखे कंटेनर में रुका पानी समय-समय पर खाली करते रहें. साथ ही हफ्ते में कम से कम एक बार इनकी सफाई जरूर करें ताकि मच्छरों को पनपने का मौका न मिले.

मच्छरदानी और रिपेलेंट का इस्तेमाल करें
रात को सोते समय मच्छर आतंक मचा देते हैं. इससे बचने के लिए मच्छरदानी या रिपेलेंट का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है. आप चाहे तो मच्छर भगाने वाली क्रीम, कॉइल या लिक्विड मशीन का भी यूज कर सकते हैं. खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को मच्छर से सुरक्षित जरूर रखें. इनकी इनपर संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है.

शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें
गर्मी में हल्के और ढीले-ढाले कपड़े पहनना सही रहता है, लेकिन कोशिश करें कि कपड़े ऐसे हों जो शरीर को ज्यादा से ज्यादा ढकें. फुल स्लीव्स शर्ट, पैंट या सलवार पहनने से मच्छरों के काटने का खतरा कम हो जाता है, खासकर शाम और सुबह के समय जब मच्छर ज्यादा एक्टिव होते हैं.

घर और आसपास की साफ-सफाई का रखें खास ध्यान
गंदगी और नमी में मच्छर आसानी से पनपते हैं. इसलिए सिर्फ घर के अंदर ही नहीं बल्कि घर के बाहर में सफाई का पूरा ध्यान रखें. नालियों को साफ रखें. कचरा इधर-उधर न फेंके और आसपास के माहौल को साफ-सुथरा रखें. इससे मच्छर पनपने से रोकने में काफी मदद मिलेगी.

लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
बुखार आने पर बिल्कुल भी इसे नजरअंदाज न करें. क्योंकि ये मलेरिया का शुरुआती लक्षण होता है. बुखार के साथ ठंड लगना, सिरदर्द और कमजोरी लगे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. समय पर इलाज होने पर मलेरिया को गंभीर होने से रोका जा सकता है.

Share this story