तरबूज पर नमक डालकर खाना सही या गलत? आपके मन में भी उठता है ये सवाल तो यहां जानें जवाब 

WhatsApp Channel Join Now

गर्मियों का मौसम आते ही लोगों की डाइट में तरबूज की एंट्री हो जाती है. पानी से भरपूर यह फल शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ हाइड्रेटेड रखने में भी मदद करता है. करीब 90 प्रतिशत पानी वाले तरबूज को लोग अलग-अलग तरीकों से खाना पसंद करते हैं. कुछ लोग इसे सादा खाते हैं, तो कई लोग इसमें काला नमक या सफेद नमक मिलाकर इसका स्वाद बढ़ाते हैं. हालांकि, अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या तरबूज पर नमक डालकर खाना सेहत के लिए सही है या नुकसानदायक? इसका जवाब पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी मात्रा में नमक का इस्तेमाल कर रहे हैं. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं की तरबूज को कैसे खाएं.

क्यों डाला जाता है तरबूज में नमक?

कई लोगों को लगता है कि तरबूज में हल्का काला नमक डालने से उसका स्वाद और भी मीठा और चटपटा हो जाता है. दरअसल, नमक स्वाद को बैलेंस करने का काम करता है, जिससे फल की मिठास ज्यादा महसूस होती है. यही वजह है कि भारत के कई हिस्सों में लोग तरबूज पर काला नमक छिड़ककर खाना पसंद करते हैं.

मात्रा का ध्यान रखना है जरूरी

सीमित मात्रा में काला नमक डालकर तरबूज खाना नुकसानदायक नहीं माना जाता. बल्कि काला नमक पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. गर्मियों में अधिक पसीना निकलने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिसे थोड़ी मात्रा में नमक पूरा करने में मदद कर सकता है.

हालांकि, यह भी चेतावनी देते हैं कि ज्यादा नमक डालकर तरबूज खाना सही नहीं है. अधिक नमक शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ा सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने, शरीर में सूजन और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासतौर पर हाई बीपी, किडनी या हार्ट से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त नमक से बचना चाहिए.

सफेद नमक या काला नमक?

अगर आप तरबूज में नमक डालना चाहते हैं तो सफेद नमक की बजाय काला नमक बेहतर विकल्प माना जाता है. काला नमक पाचन के लिए हल्का माना जाता है और इसमें कुछ मिनरल्स भी पाए जाते हैं. लेकिन इसका सेवन भी सीमित मात्रा में ही करना चाहिए.

तरबूज खाने का सही तरीका

वैसे तो तरबूज को ताजा और बिना किसी अतिरिक्त चीज के खाना सबसे बेहतर तरीका है. इससे शरीर को फाइबर, पानी और जरूरी पोषक तत्व सही मात्रा में मिलते हैं. अगर स्वाद के लिए नमक डालना चाहते हैं, तो सिर्फ एक चुटकी काला नमक ही पर्याप्त है.

Share this story