चेहरा बनेगा चमकदार, दाग-धब्बे-मुंहासे की छुट्टी…तीन तरह के पानी दिखाएंगे कमाल
नीम से लेकर लौंग तक…कई ऐसी नेचुरल चीजें हैं जो आपकी त्वचा पर कमाल का असर दिखाती हैं, क्योंकि ये कई औषधीय गुणों से भरपूर होती हैं. चेहरे पर मुंहासे होने सबसे आम बात है तो वहीं इनके सही होने के बाद कुछ लोगों के चेहरे पर दाग-धब्बे बने रह जाते हैं. आज के समय में धूल-पॉल्यूशन, केमिकल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट तक कई ऐसे फैक्टर हैं जो चेहरे को डल बना देते हैं. ऐसे में हर्बल केयर आपके काफी काम आ सकती है. इस आर्टिकल में जानेंगे तीन तरह के की वाटर बेस्ड रेमेडी जो आपकी स्किन की इन समस्याओं से निजात दिलाने में हेल्पफुल रहेंगी.
त्वचा की देखभाल से लेकर लोग आजकल सेहत के लिए भी ज्यादातर हर्बल चीजों को तरजीह देना पसंद करते हैं. यही कारण है कि अब मार्केट में कई ऐसे ब्रांड हैं जो नेचुरल चीजों से बने प्रोडक्ट उतार चुके हैं और इसकी एक बड़ी मार्केट है. हालांकि जो हम सीधे घर पर नेचुरल चीजों से रेमेडी बनाते हैं उनका कोई मुकाबला आज भी नहीं है. तो चलिए जान लेते हैं इन फेस चमकाने वाले तीन तरह के पानी के बारे में.
नीम का पानी
चेहरे पर मुंहासे हैं, किसी तरह की इरिटेशन, दाने की समस्या हो रही है तो इससे निजात पाने के लिए नीम काफी कारगर रहती है. नीम की पत्तियों को अच्छी तरह से धो लें और इसे पानी में डालकर रात भर छोड़ दें. सुबह इसे उबाल लें और चाहे तो कुछ तुलसी के पत्ते भी एड कर लें. इस पानी से आप अपना चेहरा धोएं. इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं जो एक्ने-पिंपल जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करते हैं और स्किन को सूदिंग इफेक्ट देते हैं. तुलसी दाग-धब्बों को घटाने में कारगर मानी जाती है. आप चाहे तो इस पानी को स्प्रे बोतल में भरकर फेस पर अप्लाई कर सकते हैं.
मंजिष्ठा वाटर दिखाता है कमाल असर
आयुर्वेद में बताई गई जड़ी-बूटी मंजिष्ठा त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है. इसका अर्क रंगत सुधारने से लेकर दाग-धब्बे और मुंहासे कम करने तक में हेल्पफुल रहता है. इसे पानी में उबालकर चेहरे पर लगाएं. अगर स्किन रूखी है तो इसमें थोड़ा एलोवेरा जेल मिला लें, इससे जलन, रेडनेस भी कम होती है. इसके अलावा अगर डलनेस ज्यादा है तो नींबू का रस और गुलाब जल साथ में मिला लें. मुंहासे की समस्या हो तो इसे नीम के साथ एड करें.

फेस पैक भी बना सकते हैं
मंजिष्ठा पाउडर को चंदन के साथ मिलकर फेस पैक बना सकते हैं जो त्वचा को ठंडक देने का काम करता है और स्किन को ग्लोइंग, बेदाग बनाता है. इसे हफ्ते में दो बार चेहरे पर 20-20 मिनट के लिए लगाना चाहिए और फिर सादा पानी से चेहरा धोकर मॉइश्चराइजर लगा लें.
लौंग और मुलेठी का पानी
आपके फेस पर पिगमेंटेशन और एक्ने के निशान हैं. स्किन भी बहुत डल हो गई है तो आप मुलेठी के साथ लौंग को उबाल लें. इसे ठंडा करें और छानकर रोजाना इससे चेहरा धोएं. आप चाहे तो इसे भी स्प्रे बनाकर रख सकते हैं और फेस पर जरूरत के मुताबिक अप्लाई करते रहें. इससे आप देखेंगे कि धीरे-धीरे चेहरे पर रिजल्ट दिखाई देने लगा है.

