मानसून में भी परफेक्ट रहेगा मेकअप, अपनाएं ये गोल्डन टिप्स और पाएं लॉन्ग-लास्टिंग लुक

WhatsApp Channel Join Now

मानसून आते ही मौसम तो सुहावना हो जाता है, लेकिन त्वचा के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है। हवा में नमी, पसीना और बैक्टीरिया मिलकर त्वचा को प्रभावित करते हैं। ऐसे में मेकअप सिर्फ अच्छा दिखने के लिए नहीं, बल्कि स्किन केयर रूटीन का भी अहम हिस्सा बन जाता है। अगर आप अपनी त्वचा के प्रकार को समझकर मेकअप करें, तो कम प्रोडक्ट्स में भी फ्रेश और नेचुरल लुक पा सकती हैं।

oily skin
हल्का मेकअप और हाइड्रेशन

मानसून में हमेशा हल्का मेकअप करने की सलाह दी जाती है। मेकअप जितना हल्का रहेगा, त्वचा उतनी ही सहज महसूस करेगी। इसलिए, इस मौसम में वॉटरप्रूफ मेकअप सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है। त्वचा कैसी भी हो, सबसे पहले इसे मेकअप के लिए तैयार करना जरूरी है। साफ और स्वस्थ त्वचा पर मेकअप ज्यादा निखरकर आता है। इसलिए, मानसून में हाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखें। इसके बाद अपनी त्वचा के अनुसार ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।

ऑयली त्वचा के लिए

ऑयली त्वचा वालों को ऑयली क्रीम, मॉइश्चराइजर या फेस वॉश का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इस मौसम में चेहरे पर चमक और चिपचिपाहट दोनों बढ़ जाते हैं। इसलिए, ज्यादा प्रोडक्ट्स लगाने से बचें। सबसे पहले हल्का ऑयल-फ्री मॉइश्चराइजर लगाएं। इसके बाद मैटिफाइंग प्राइमर का इस्तेमाल करें ताकि पोर्स कम नजर आएं और पसीने का असर भी कम हो। फाउंडेशन में वॉटर-बेस्ड या मैट विकल्प बेहतर रहता है। बाकी मेकअप के लिए पाउडर कॉम्पैक्ट या ट्रांसलूसेंट पाउडर का इस्तेमाल करें। क्रीम की जगह पाउडर ब्लश या ब्रॉन्जर लगाएं, इससे चेहरा ज्यादा फ्रेश नजर आता है।

ड्राई स्किन के लिए

ड्राई स्किन वालों के लिए मानसून में भी हाइड्रेशन बेहद जरूरी है। ऐसी त्वचा पर हैवी क्रीम लगाने के बजाय हल्का सीरम और मॉइश्चराइजर ही पर्याप्त होता है। इसके बाद ड्यूई या लिक्विड फाउंडेशन लगाया जा सकता है, जिससे चेहरा खिला-खिला नजर आता है। इसके साथ क्रीम ब्लश और क्रीम हाइलाइटर भी अच्छे लगते हैं। पाउडर का इस्तेमाल जितना कम करेंगी, उतना बेहतर रहेगा, क्योंकि ज्यादा पाउडर से त्वचा ज्‍यादा ड्राई दिखाई देने लगती है।

नॉर्मल स्किन के लिए

नॉर्मल स्किन वालों के पास कई विकल्प होते हैं, लेकिन मानसून में हल्का मेकअप ही सबसे अच्छा लगता है। बीबी क्रीम या हल्का फाउंडेशन लगाएं, हैवी लेयर्स की जरूरत नहीं होती। बस थोड़ा ब्लश, मस्कारा और टिंटेड लिप बाम लगाकर पूरे दिन फ्रेश और कूल लुक पाया जा सकता है।

setting spray
सेटिंग स्प्रे जरूर लगाएं

मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने के लिए सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल जरूर करें। मानसून में इसकी जरूरत ज्‍यादा बढ़ जाती है। उमस, पसीना और नमी की वजह से मेकअप जल्दी पिघलने लगता है। सेटिंग स्प्रे चेहरे पर लगाए गए सभी प्रोडक्ट्स को अच्छी तरह सेट करता है और उन्हें नमी से बचाने में मदद करता है। इन वॉटरप्रूफ ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करके आप मानसून में भी पूरे दिन तरोताजा और खूबसूरत दिख सकती हैं।

मानसून ब्यूटी टिप्स

मानसून में हमेशा वॉटरप्रूफ और स्मज-प्रूफ मेकअप चुनें, ताकि बारिश, पसीना और नमी से मेकअप खराब न हो। सुबह और रात में चेहरे को अच्छी तरह साफ करें। ऐसे प्रोडक्ट्स चुनें जिनमें एंटी बैक्टीरियल गुण या स्किन सूदिंग इंग्रीडिएंट्स हों, ताकि ब्रेकआउट की समस्या न हो। सही मेकअप का उद्देश्य चेहरे को छिपाना नहीं, बल्कि उसकी प्राकृतिक खूबसूरती को निखारना है। इसलिए सबसे पहले अपनी त्वचा को अच्छी तरह समझें और फिर उसी के अनुसार मेकअप करें। इससे हर मौसम में आपकी त्वचा खूबसूरत नजर आएगी।

Share this story